Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयपीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर की बात, व्यापक...

पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर की बात, व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में प्रगति की समीक्षा की

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की शाम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर लंबी बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Global Strategic Partnership) में हुई प्रगति की समीक्षा की और हर क्षेत्र में निरंतर मजबूत होते द्विपक्षीय सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बहुत ही गर्मजोशी और शानदारी बातचीत हुई। हमने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय, अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के लिए साझा प्रयासों में गति बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ‘COMPACT’ (Catalyzing Opportunities for Military Partnership, Accelerated Commerce & Technology) को लागू करने के लिए क्रिटिकल टेक्नोलॉजी, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा समेत प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाई देने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने इस बात पर संतुष्टि जताई कि हर क्षेत्र में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।

पीएम मोदी और ट्रंप ने विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। दोनों नेता साझा चुनौतियों को संबोधित करने और साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए करीब से काम करने पर सहमत हुए। उल्लेखनीय है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे के बाद पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की यह पहली बातचीत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments