NDA की बैठक से पहले पीएम मोदी ने सहयोगी दलों के नेताओं संग चखा झालमुड़ी का स्वाद

नई दिल्ली, 10 जून। केंद्र की मोदी सरकार के निरंतर सत्ता में रहते हुए ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी ने सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड भी बना लिया है। इस अवसर पर बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में हिस्सा लेने एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री भी पहुंचे।

एनडीए के घटक दलों की बैठक से पहले एक रोचक वीडियो भी सामने आया, जिसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी परोसते देखा गया। वीडियो में प्रधानमंत्री के साथ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और दूसरे बड़े नेता भी नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया। प्रधानमंत्री ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘आज एनडीए की बैठक में साथी एनडीए नेताओं के साथ झालमुड़ी खाई।’

 

View this post on Instagram

 

A post shared by BJP Madhya Pradesh (@bjp4mp)

दरअसल, बंगाल विधानसभा चुनाव में झालमुड़ी एक बड़ा मुद्दा बनकर उभरा था। गत 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री जब झारग्राम में चुनावी रैली को संबोधित करने गए थे तो अचानक झालमुड़ी की एक दुकान पर पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने दुकानदार विक्रम शॉ से कहा था कि भाई झालमुड़ी खिलाओ। जब दुकानदार ने उनसे पूछा कि आप प्याज खाते हैं तो प्रधानमंत्री ने मजेदार पंच मारते हुए कहा कि हां, भाई प्याज खाते हैं, लेकिन दिमाग नहीं खाते। झालमुड़ी खाने के बाद पीएम मोदी ने दुकानदार को दस रुपए भी दिए थे।

उस घटना के बाद झालमुड़ी सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी थी। यहां तक कि बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान भी भाजपा और टीएमसी के नेताओं ने झालमुड़ी को लेकर खूब बयानबाजी की थी। जब पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे निकले तो प्रचंड जीत से उत्साहित भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे और आम लोगों को भी झालमुड़ी खिलाकर खुशियां मनाई थी।

इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ की। कैबिनेट सदस्यों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री का सम्मान करते हुए खड़े होकर तालियां बजाकर उन्हें बधाई दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular