पीएम मोदी बोले- भारतीयों की तरह मलेशिया के प्रधानमंत्री इब्राहिम भी हैं MGR के बड़े प्रशंसक
कुआलालंपुर, 8 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि ”भारत में हममें से कई लोगों” की तरह मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ‘एमजीआर’ के ”बहुत बड़े प्रशंसक” हैं। प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आयोजित दोपहर भोज के समय तमिल अभिनेता की फिल्म ‘नालाई नामाधे’ का एक गीत प्रस्तुत किया गया था, इसी दौरान मोदी ने इस बात का जिक्र किया।
मारुदुर गोपालन रामचन्द्रन को ‘एमजीआर’ के नाम से जाना जाता है। वह एक लोकप्रिय भारतीय अभिनेता, निर्देशक और निर्माता थे। उन्होंने तमिलनाडु में ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) पार्टी की स्थापना की और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। उनका निधन 1987 में हुआ।
‘नालाई नामाधे’ अभिनेता की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है, जो 1975 में रिलीज हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा आयोजित दोपहर भोज में प्रस्तुत गीतों में से एक महान एमजीआर अभिनीत फिल्म ‘नालाई नामाधे’ का गीत था।”
मोदी ने कहा, ”प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भी भारत में हममें से कई लोगों की तरह एमजीआर के बहुत बड़े प्रशंसक हैं!” मलेशिया, भारतीय मूल के लोगों की सबसे अधिक आबादी वाला दूसरा देश है, जिनमें अधिकतर तमिल लोग शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर हैं।
इससे पहले उन्होंने कुआलालंपुर में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”मलेशिया में रहने वाले तमिल प्रवासी विभिन्न क्षेत्रों में समाज की सेवा कर रहे हैं और उन्होंने यह भी कहा कि तमिल प्रवासी कई सदी से मलेशिया में हैं।” उन्होंने कहा कि इस इतिहास से प्रेरित होकर भारत ने मलाया विश्वविद्यालय में ‘तिरुवल्लुवर चेयर’ की स्थापना की है तथा अब साझा विरासत को और मजबूत करने के लिए एक तिरुवल्लुवर केंद्र स्थापित करेगा।
