पीएम मोदी बोले – प्रगति और सुशासन का रोडमैप है राष्ट्रपति का संसद में संबोधन

नई दिल्ली, 27 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद के संयुक्त सत्र में संबोधन को व्यापक बताया और कहा कि इसमें प्रगति और सुशासन का रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘राष्ट्रपति जी का संसद के दोनों सदनों में संबोधन व्यापक था और इसमें प्रगति और सुशासन का रोडमैप प्रस्तुत किया गया। इसमें भारत द्वारा की जा रही प्रगति और भविष्य में आने वाली संभावनाओं को शामिल किया गया। उनके संबोधन में कुछ प्रमुख चुनौतियों का भी उल्लेख किया गया, जिन्हें हमें अपने नागरिकों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से दूर करना होगा।’

वहीं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि राष्ट्रपति का संदेश एकजुटता और देश को आगे ले जाने और 2047 तक इसे विकसित देश बनाने वाला है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी राष्ट्रपति के अभिभाषण की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें सरकार के निर्णयों का उल्लेख है और आगामी बजट में नई योजनाओं की घोषणाएं की जाएंगी।

राष्ट्रपति ने महामारी और वैश्विक संघर्षों के बावजूद भारत की बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था और विकास पर प्रकाश डालते हुए इसका श्रेय केंद्र सरकार के पिछले दशक में राष्ट्रीय हित में किए गए सुधारों और निर्णयों को दिया। राष्ट्रपति ने भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती पर भी जोर दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular