back to top
Wednesday, August 12, 2026
Home हिन्दी राजनीति

पीएम मोदी बोले – ‘विकसित भारत की तस्वीर है अटल सेतु, यह सिर्फ एक झलक…’

0

मुंबई, 12 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नवी मुंबई में 12,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इससे पहले उरण रेलवे स्टेशन से खारकोपर तक ईएमयू ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई।

विकसित भारत संकल्प के लिए ऐतिहासिक दिन

इस अवसर पर नवी मुंबई में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, ‘आज मुंबई और महाराष्ट्र के लिए बहुत बड़ा दिन है और विकसित भारत संकल्प के लिए ऐतिहासिक दिन है। पूरे देश की नजर मुंबई पर है क्योंकि उन्हें यह भव्य अटल सेतु मिला है।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज की तारीख न केवल मुंबई और महाराष्ट्र के लिए बहुत बड़ी है बल्कि यह हमें विकसित भारत के संकल्प के एक कदम और करीब ले जाती है। यह एक प्रमाण है कि हम अपने वादे पूरे करते हैं। 24 दिसम्बर, 2016 को मैंने अटल सेतु की नींव रखी और कसम खाई कि भारत बदलेगा और बढ़ेगा।’

परिवारवादी लोग कभी विकसित भारत के बारे में सोच ही नहीं पाए

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारी सरकार की मंशा साफ है। जिन्होंने लंबे समय तक देश पर शासन किया, उनकी मंशा और निष्ठा हमेशा सवालों के घेरे में रही है। उनकी मंशा सिर्फ सत्ता हासिल करना थी। वे केवल अपने परिवारों के विकास के प्रति समर्पित थे। और यही कारण है कि वे कभी विकसित भारत के बारे में सोच ही नहीं पाए।’

उन्होंने कहा, ‘जिन लोगों ने दशकों तक शासन किया, उन्हें देश के समय और टैक्स के पैसे की परवाह नहीं थी, इसलिए पहले के युग में कोई भी परियोजना जमीन पर नहीं उतरती थी और दशकों तक लंबित रहती थी। अटल सेतु की योजना भी कई साल पहले चल रही थी, लेकिन इसे पूरा करने का सौभाग्य हमें मिला।’

अटल सेतु का यही है संदेश…

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘अटल सेतु विकसित भारत की तस्वीर है। यह एक झलक है कि विकसित भारत कैसा होगा। विकसित भारत में सबके लिए सुविधाएं होंगी, सबके लिए समृद्धि होगी, गति होगी, प्रगति होगी। विकसित भारत में दूरियां कम होंगी और देश का हर कोना जुड़ेगा। चाहे जीवन हो या आजीविका, सब कुछ निरंतर, बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा। यही अटल सेतु का संदेश है।’

केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है अटल सेतु

पीएम मोदी यह भी कहा, ‘मैं इस पुल के निर्माण के लिए दी गई मदद और समर्थन के लिए जापान को धन्यवाद देना चाहता हूं। इस अवसर पर, मैं शिंजो आबे को याद करना चाहता हूं, जिनके साथ मैं पहली बार मिला था और इस पुल के निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया। जब महाराष्ट्र को पहली बार डबल इंजन सरकार मिली तो कई विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। अब अटल सेतु केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।’

मुंबई को मिलेगी पहली बुलेट ट्रेन

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र और मुंबई में कई मेगा प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं और कई जल्द ही पूरे हो जाएंगे। आने वाले वर्षों में मुंबई को पहली बुलेट ट्रेन भी मिलेगी।