1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. कूच विहार में गरजे पीएम मोदी : इस बार चुनाव के बाद TMC के पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा
कूच विहार में गरजे पीएम मोदी : इस बार चुनाव के बाद TMC के पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा

कूच विहार में गरजे पीएम मोदी : इस बार चुनाव के बाद TMC के पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा

0
Social Share

कूच विहार, 5 अप्रैल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों की लगातार बढ़ती सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कूच विहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान वाले दिन तृणमूल कांग्रेस (TMC) के गुंडे आपको जितना भी डराएं, आपको कानून पर भरोसा रखना है। इस चुनाव में बंगाल से भय भागेगा।

पीएम मोदी ने कहा, ‘भाजपा की महाविजय से भरोसा जागेगा…मैं आपको भरोसा देता हूं, इस बार चुनाव के बाद टीएमसी के पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा। चुन-चुन कर हिसाब किया जाएगा। चार मई के बाद कानून अपना काम करेगा, चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो, इस बार न्याय होकर रहेगा।’

टीएमसी के अन्याय की लिस्ट बहुत लंबी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘टीएमसी के अन्याय की लिस्ट बहुत लंबी है। इनके धोखे का एक और उदाहरण उत्तर कन्या भी है। जब उत्तर कन्या को बनाया गया था तो कहा गया था कि ये पूरे क्षेत्र के विकास का केंद्र बनेगा, लेकिन हालात यह है कि जो पैसा इसके लिए रखा गया था, इतने साल में उसे भी खर्च नहीं किया गया। अब तक ये लोग उसमें कमीशन के तरीके खोजने में लगे हैं। इसका मतलब साफ है..नाम विकास का, लेकिन नीयत और प्राथमिकता कहीं और थी।’

एक ओर TMC का भय तो दूसरी ओर भाजपा का भरोसा

उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि इस बार बंगाल में एक ओर TMC का भय है और इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास भाजपा का भरोसा है। एक ओर TMC के ‘कट मनी’ और ‘करप्शन’ का भय है। दूसरी ओर विकास को तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है। एक ओर घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का भय है। दूसरी ओर घुसपैठ रोक कर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर करने का भाजपा का भरोसा है।

नारी शक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी

पीएम मोदी ने कहा, ‘एक ओर बदलती जनसांख्यिकी से अपनी ही जमीन पर आजादी छिनने का भय है। दूसरी ओर अपनी माटी पर गर्व के साथ सिर उठाकर जीने का, अटल भरोसा देने वाली भाजपा है। एक ओर सिंडिकेट राज में अपनी संपत्ति लुटने का भय है। दूसरी ओर सिर पर पक्का घर और जमीन के मालिकाना हक का भरोसा है। एक ओर संदेशखाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है। दूसरी ओर नारी शक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है।’

जनता से लूटा हुआ पैसा जनता को लौटाना ही पड़ेगा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इतने वर्षों से बंगाल की जनता का पैसा लूटा गया है। हर भ्रष्टाचारी को ये जो लूटा हुआ पैसा है, वो जनता को लौटाना ही पड़ेगा।

3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया

उन्होंने आगे कहा, ‘अब तक केंद्र की भाजपा सरकार ने हर प्रकार की मूल सुविधाओं बहनों तक पहुंचाई हैं। तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया, लेकिन ये बहुत आवश्यक है कि देश के लिए होने वाले फैसलों में भी महिलाओं की भूमिका और अधिक बढ़े। इसलिए हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण देने का कानून बनाया। पश्चिम बंगाल सहित देशभर की बहनों को 2029 के लोकसभा चुनाव से ही इसका फायदा मिले, अब ये सुनिश्चित करने का प्रयास है। इसलिए सरकार ने 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र रखा है। माताओं-बहनों का ये हक 40 वर्षों से लटका हुआ है।

मैं कूच विहार से देश के सभी राज्यों को फिर भरोसा दिलाता हूं

पीएम मोदी ने कहा, ‘अब और ज्यादा देरी ठीक नहीं है। मैं कूच विहार से देश के सभी राज्यों को फिर भरोसा दिलाता हूं कि जिन भी राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा काम किया है, उनको सीटों के विषय में कोई नुकसान नहीं होगा। सभी का फायदा ही होगा। सभी राज्यों की भागीदारी और सबके अधिकार सुरक्षित रहेंगे। हम संसद में इस पर पक्का ठप्पा लगाना चाहते हैं कि महिलाओं के लिए अतिरिक्त सीटें बढ़ें ताकि राज्यों को इसका बड़ा फायदा मिले।’

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code