1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. पीएम मोदी ने राष्ट्रीय खेलों का किया शुभारंभ, युवाओं का फिट इंडिया मूवमेंट का आह्वान
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय खेलों का किया शुभारंभ, युवाओं का फिट इंडिया मूवमेंट का आह्वान

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय खेलों का किया शुभारंभ, युवाओं का फिट इंडिया मूवमेंट का आह्वान

0
Social Share

देहरादून, 28 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की शाम यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम में करीब 25 हजार दर्शकों से उनके मोबाइल की फ्लैश लाइट जलवाकर 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है और इसमें स्पोर्ट्स इकॉनामी बड़ा हिस्सा बनेगी।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि खेलों से देश की साख बढ़ती है। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में शामिल हुए 10 हजार से अधिक खिलाडि़यों के बीच फिटनेस का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि आज हर आयु वर्ग में तेजी से बढ़ता मोटापा चुनौतीपूर्ण है और इससे मधुमेह और हृदय संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने टहलने से लेकर वर्कआउट करने और संतुलित आहार लेने पर जोर दिया और उपयोग में लाए जा रहे खाद्य तेल में कम से कम 10 प्रतिशत कटौती करने का सुझाव दिया।

भारत 2036 में ओलम्पिक की मेजबानी के लिए पूरा जोर लगा रहा

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत 2036 में ओलम्पिक की मेजबानी के लिए पूरा जोर लगा रहा है। जब भारत में ओलम्पिक होगा तो भारत के खेलों को नए आसमान पर ले जाएगा। पीएम मोदी ने उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता का भी जिक्र किया और इसे खेल भावना की तरह बताया। उन्होंने कहा कि वह कभी-कभी इसे सेक्युलर सिविल कोड भी कहते हैं। उन्होंने जहां नेशनल गेम्स को ग्रीन गेम्स की मिसाल दी तो वहीं युवा खिलाड़ियों से उत्तराखंड के प्लास्टिक मुक्त अभियान में सहयोग की अपील भी की।

36 राज्यों व एक केंद्रशासित प्रदेश के खिलाडियों ने किया मार्च पास्ट

इससे पहले राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) व सीएम पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में 38वें राष्ट्रीय खेलों का रंगारंग उद्घाटन हुआ। बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल, पवनदीप राजन के साथ पांडवाज बैंड ने शानदार प्रस्तुतियों से समा बांधा। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की बैंड टीम के नेतृत्व में 36 राज्यों व एक केंद्रशासित प्रदेश के खिलाडियों ने मार्च पास्ट किया

राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर रखा गया – सीएम धामी

इस अवसर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर रखा गया है। हम खेलों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने में भी सफल होंगे। खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि आज देवभूमि के लिए ऐसा पल आया है, जब हम संकल्प से शिखर तक जाने के अपने आह्वान को साक्षात होते हुए देख रहे हैं। भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने भी समारोह को संबोधित किया।

पीएम ने उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय खिलाडि़यों से मुलाकात भी की। इस दौरान मंच पर केंद्रीय खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, राज्यसभा सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अध्यक्ष क्रिस जेनकिंस व भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा समेत कई अन्य अतिथि उपस्थित थे।

पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें

  • पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड को अपने विकास के और रस्ते बनाने होंगे। उत्तराखंड में शीतकालीन यात्राओं को प्रोत्साहित करना जरूरी है। शीतकाल में यहां जरूर आएं।
  • उत्तराखंड देश का ऐसा राज्य बना, जिसने यूसीसी लागू किया। यूसीसी से लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। खेल भी हमें भेदभाव की भावना से दूर करता है। यही भावना यूसीसी की भी है। किसी से कोई भेदभाव नहीं, सभी यूसीसी के लिए बराबर है।
  • भारत 2036 के ओलंपिक के लिए पूरा जोर लगा रहा है। ये सिर्फ खेल का आयोजन नहीं होता, ये जहां भी होता है वहां अनेक क्षेत्रों में गति मिलती है।
  • हॉकी में पुराने गौरवशाली दिन वापस लौट रहे हैं।
  • मेरी पूरी कोशिश है आपका समर्थ बढ़े। 10 साल पहले स्पोर्ट्स का जो बजट था वह आज तीन गुना ज्यादा हो चुका है।
  • देश के खिलाड़ी मुझे पीएम, यानी परम मित्र मानते हैं। आपका ये विश्वास ही मुझे ऊर्जा देता है।
  • देश तीसरी आर्थिक शक्ति बनने के लिए अग्रसर है। उसके पीछे स्पोर्ट्स इकनॉमी भी है।
  • उत्तराखंड में जो आयोजन हो रहा है, उससे सिर्फ खिलाड़ियों को ही फायदा नहीं होता, उससे दूसरे सेक्टर भी ग्रो करते हैं।
  • मेरे संसदीय क्षेत्र काशी से ढाई लाख युवाओं को हर साल खेलने का मौका मिला है। हम स्पोर्ट्स को भारत के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं।

28 जनवरी से लेकर 14 फरवरी तक होगा आयोजन

  • 35 खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें से 33 मेडल टेली गेम और दो डेमो गेम शामिल हैं।
  • योग व मलखंब को इस बार मेडल टेली गेम किया गया शामिल।
  • पूरे देश से दस हजार खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा दिखाएंगे।
  • प्रदेश के आठ जिलों में होंगी खेल प्रतियोगिताएं।
  • राष्ट्रीय खेलों की थीम ग्रीन गेम, पदकों से लेकर तमाम कार्यक्रमों में हरित पहल की छाप।
  • राज्य पक्षी मोनाल मौली के रूप में शुभंकर और मशाल को तेजस्विनी नाम दिया।

 

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code