पीएम मोदी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का किया उद्घाटन, देखी तकनीक की झलक
नई दिल्ली, 16 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की शाम बहुप्रतीक्षित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का आगाज हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का उद्घाटन किया। एक्सपो के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने मेटा व जियो सहित प्रदर्शिन में लगाए गए कई कम्पनियों के पैवेलियन का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉल्स पर जाकर एआई की तकनीकी प्रगति देखी और स्टार्टअप्स, कम्पनियों के प्रतिनिधियों से जानकारी ली।
ग्लोबल साउथ में पहली बार हो रहे इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में करीब 65 देश शामिल हैं और 600 से ज्यादा स्टार्टअप्स की मौजूदगी रहेगी। इसमें एआई की सुरक्षा, गवर्नेंस, नैतिक उपयोग, डेटा सुरक्षा और सॉवेरन एआई के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस समिट का एक बड़ा आकर्षित ‘युवाएआई’ कार्यक्रम है। यह एक ग्लोबल यूथ चैलेंज है और इसका उद्देश्य छात्रों और युवा पेशेवरों में एआई को लेकर जागरूकता फैलाना है।
इस चैलेंज में 38 से अधिक देशों से 2,500 से अधिक आवेदन आए थे. इसमें से शीर्ष 20 फाइनलिस्ट का चयन इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय द्वारा किया गया है, जिसमें 15 टीमें भारत से हैं। इन शीर्ष 20 फाइनलिस्ट का चयन 2025 के आखिर में कई राउंड्स की प्रतियोगिता के बाद किया गया था.
300 से ज्यादा विदेशी पत्रकार
AI समिट कई मामलों में काफी अहम है। पूरे विश्व में यह ऐसा चौथा आयोजन है, जिसका गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में देसी-विदेशी मीडिया प्रतिनिधि आ रहे हैं। अब तक लगभग 300 से भी अधिक विदेशी पत्रकारों ने समिट के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 1 में दो फ्लोर केवल मीडिया कर्मियों के लिए तैयार किए गए हैं। मीडिया स्टूडियो, कॉन्फ्रेंस रूम के अलावा वर्चुअल स्टूडियो और पॉडकास्ट के लिए अलग से इंतजाम हैं। मीडिया कर्मियों के लिए 500 से भी अधिक कंप्यूटर लगाए गए हैं।
600 से अधिक स्टार्टअप्स दिखाएंगे इनोवेशन
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में 600 से ज्यादा हाई-कैपेसिटी स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे, जो अपने ऐसे समाधानों को प्रदर्शित करेंगे, जो वास्तविक दुनिया में पहले से उपयोग में हैं। इसमें हेल्थकेयर, एग्रीटेक, एजुकेशन, साइबर सिक्योरिटी, शहरी विकास और अन्य सेक्टरों से जुड़े इनोवेशन शामिल होंगे, जो AI के ज़रिए समस्याओं के समाधान का रास्ता दिखाते हैं।
AI समिट में 13 देशों के पैवेलियन
इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में AI सिस्टम में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करने वाले 13 देशों के पैवेलियन भी होंगे। इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका के पैवेलियन शामिल हैं।
