1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी ने दिल्ली भाजपा कार्यालय का किया उद्घाटन, कहा- BPJ दफ्तर मंदिर और देवालय से कम नहीं
PM मोदी ने दिल्ली भाजपा कार्यालय का किया उद्घाटन, कहा- BPJ दफ्तर मंदिर और देवालय से कम नहीं

PM मोदी ने दिल्ली भाजपा कार्यालय का किया उद्घाटन, कहा- BPJ दफ्तर मंदिर और देवालय से कम नहीं

0
Social Share

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नये कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही दिल्ली भाजपा को राजधानी के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थायी कार्यालय मिल गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर दिल्ली के 14 जिलों के भाजपा कार्यालयों का भी रिमोट दबाकर उद्घाटन किया।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा कार्यालय किसी मंदिर और देवालय से कम नहीं हैं। उन्होंने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भाजपा कार्यालय जनता की आकांक्षाओं और उम्मीदों का केंद्र बनें, इसके लिए आप सभी का यही प्रयास होना चाहिए कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का समाधान हो।

मोदी ने कहा कि दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय की पहचान यहां की सुविधाओं से नहीं बल्कि जनसुनवाई और जन सेवा से होनी चाहिए, यह बात हम सभी को हमेशा याद रखनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण का रहा है, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। आज इसी त्याग और समर्पण के चलते पार्टी इस मुकाम पर पहुंची है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें दिल्ली भाजपा के स्वर्णिम सेवा कार्यों से निरंतर प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना है। हम सभी के लिए गर्व की बात है कि नवरात्र के पावन अवसर पर दिल्ली भाजपा को अपना नया कार्यालय मिला है, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की स्थापना को 45 वर्ष हो गये हैं लेकिन इसका बीजारोपण अक्टूबर 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के रूप में हुआ था और भाजपा आज वटवृक्ष के रूप में विकसित हुयी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर दिल्ली भाजपा के लिए विशेष योगदान करने वाले नेताओं लालकृष्ण आडवाणी, केदारनाथ साहनी, साहब सिंह वर्मा, मदनलाल खुराना, अरुण जेटली और सुषमा स्वराज जैसे नेताओं का जिक्र किया । उन्होंने कहा कि दिल्ली और भाजपा का संबंध सिर्फ एक शहर और पार्टी का नहीं है ,यह संबंध सेवा संस्कार और सुख दुख के साथी होने का है। उन्होंने कहा कि 1984 के सिख दंगों के संकट काल में भी दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिख भाई बहनों की हर संभव रक्षा करने का काम किया।

मोदी ने कहा कि दिल्ली में कई साल बाद बनीं भाजपा सरकार कठोर परिश्रम कर रही है। आज बस्तियों में रहने वालों के लिए नए घर बनाना, सैकड़ों सरकारी स्कूलों अस्पतालों को बेहतर बनाना, सैकड़ों इलेक्ट्रिक बसों की सेवा, यमुना नदी को साफ करवाने जैसे कई कार्य इसमे शामिल है। मोदी ने दिल्ली को दुनिया की सबसे बेहतरीन राजधानी बनाने के लिए सभी के सहयोग का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा ” दिल्ली भाजपा कार्यालय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री भारी व्यस्तता के बाद भी पार्टी के काम करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। आज मुझे खुशी है कि देश भर में भाजपा के 617 कार्यालय थे और दिल्ली भाजपा कार्यालय के साथ इनकी संख्या बढ़कर अब 618 हो गयी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री देश के विकास के साथ साथ राजधानी दिल्ली के विकास को भी आगे बढ़ा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता , उनकी सरकार के मंत्री, प्रदेश के सभी सातों सांसद, विधायकों समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code