काराकाट को पीएम मोदी ने दी बड़ी सौगात, कहा- आतंकियों को मिट्टी में मिलाया, वचन पूरा कर बिहार आया

टना, 30 मई। बिहार के काराकाट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को 48520 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज मुझे इस पवित्र भूमि पर बिहार के विकास को नई गति देने का सौभाग्य मिला है। यहां करीब 50 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। साथ ही साथ पीएम मोदी ने पहलगाम हमले का जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज बिहार में इतनी बड़ी तादात में माताओं-बहनों का आना, अपने आप में बिहार में मेरे इतने कार्यक्रमों की ये सबसे बड़ी शानदार घटना है। मैं माताओं-बहनों को विशेष प्रणाम करता हूं। मैं आप सभी जनता-जनार्दन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’

प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा, ‘अभी पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, हमारे कितने निर्दोष नागरिक मारे गए। इस जघन्य आतंकी हमले के एक दिन बाद मैं बिहार आया था और मैंने बिहार की धरती से देश से वादा किया था, वचन दिया था। बिहार की धरती से आंख में आंख मिलाकर हमने कहा दिया था कि आतंक और आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। बिहार की धरती से मैंने कहा था कि उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। आज जब मैं बिहार आया हूं, तो अपना विचार पूरा करने के बाद आया हूं। जिन लोगों ने पाकिस्तान में बैठकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था… हमारी सेना ने उनके ठिकानों को खंडहर में बदल दिया।’

उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा, ‘भारत की बेटियों के सिंदूर की शक्ति क्या होती है, ये पाकिस्तान ने भी देखी और दुनिया ने भी देखी। जिस पाकिस्तानी सेना की छत्रछाया में आतंकी खुद को सुरक्षित मानते थे, हमारी सेनाओं ने एक ही झटके में उनको भी घुटनों पर ला दिया। पाकिस्तान के एयरबेस, उनके सैन्य ठिकाने हमने कुछ ही मिनट में तबाह कर दिए। ये नया भारत है, ये नए भारत की ताकत है।’ पीएम मोदी ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने हमारी BSF का भी अभूतपूर्व पराक्रम और अदम्य साहस देखा है। हमारी सीमाओं पर तैनात BSF के जाबांज सुरक्षा की अभेद चट्टान है।’

RELATED ARTICLES

Most Popular