केरल में बोले पीएम मोदी- वेस्ट एशिया को लेकर मैं चिंतित, गल्फ के मित्रों का आभार जो रख रहे हमारे देशवासियों का ख्याल
एर्नाकुलम, 11 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य पूर्व के गंभीर के हालात पर चिंता जाहिर की है। बुधवार को यहां रेलवे से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने संतोष जताया कि खाड़ी देश भी भारतीय लोगों का खास ख्याल रख रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा, ‘वेस्ट एशिया में जो कुछ हो रहा है, उससे आप सभी का चिंतित होना बहुत स्वाभाविक है। हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं। जब भी हमारा कोई देशवासी संकट में पड़ता है तो हमारी सरकार उसे सुरक्षित बचाने के लिए पूरी ताकत लगा देती है। आज का भारत अपने नागरिकों को संकट में अकेला नहीं छोड़ता है। आज भी हमारा प्रयास है कि युद्ध की हालत में फंसे भारतीयों को सुरक्षा मिले, हरसंभव सुविधा मिले।’
कांग्रेस इतने बड़े वैश्विक संकट में भी राजनीति ढूंढ रही
इसके साथ ही पीएम ने खाड़ी देशों का भी आभार जताया, जो विषम परिस्थिति में फंसे लोगों की मदद करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं। मैं उन सभी सरकारों का आभारी हूं। वहां हर देश में हमारे जो दूतावास हैं, हमारे मिशन हैं, वे 24/7 उनकी मदद कर रहे हैं। किसी को भी खाना-पीना चाहिए, मेडिकल हेल्प चाहिए, रहने की जगह चाहिए या कानूनी मदद चाहिए तो इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। लेकिन यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस इतने बड़े वैश्विक संकट में भी राजनीति ढूंढ रही है।’
पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की महत्ता भी समझाई। उन्होंने कहा, ‘गल्फ में चल रहे युद्ध ने हमें आत्मनिर्भरता का महत्व फिर से समझाया है। एनर्जी हो या अन्य सेक्टर भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रहा है। आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है ये हमने कोरोना के दौर में देखा है। यूक्रेन संकट के दौरान देखा है और वर्तमान संकट ने एक बार फिर से सिद्ध किया है कि आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है।’
Immense euphoria for NDA in Ernakulam gives a glimpse of Keralam’s mood…it’s NDA all the way! pic.twitter.com/IfDPhFXfKb
— Narendra Modi (@narendramodi) March 11, 2026
केरल की विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत शोरनूर जंक्शन, कुट्टि-पुरम और चंगनासेरी रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया गया है। इसके साथ ही शोरनूर–नीलांबुर रेल लाइन के एक बड़े सेक्शन का विद्युतीकरण भी पूरा किया गया है। आज पालक्कड़–पोल्लाच्ची ट्रेन सेवा की शुरुआत भी हुई है। इससे केरलम और तमिलनाडु, दोनों राज्यों के लोगों को और अधिक सुविधा होगी।
पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए, मेक इन इंडिया के लिए पेट्रोलियम सेक्टर का विस्तार बहुत आवश्यक है। आज कोच्चि रिफाइनरी में पॉली-प्रोपाइलीन यूनिट के शिलान्यास के पीछे भी यही लक्ष्य है। इस यूनिट से हर साल लगभग चार लाख टन पॉली-प्रोपाइलीन का प्रोडक्शन होगा। आने वाले समय में ये प्लांट पैकेजिंग, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण, ऐसी अनेक इंडस्ट्रीज को सपोर्ट करेगा।
