अखिलेश के बयान पर पंकज चौधरी का तीख पलटवार, कहा- अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं सपा
गोरखपुर, 24 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की “100 विधायक” वाली टिप्पणी को लेकर तीखा हमला करते हुए कहा कि इस तरह के बयान से स्पष्ट है कि सपा अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। गोरखपुर स्थित अपने आवास पर सोमवार शाम पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने कहा, ”ऐसी टिप्पणियां उनकी (सपा की) हताशा को दर्शाती हैं। यदि उन्हें अपने समर्थन पर भरोसा होता तो वे स्वयं सरकार बनाने की बात करते।”
रविवार को लखनऊ में एक पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था, “100 विधायक अपने साथ लाओ और मुख्यमंत्री बनो।” उन्होंने यह भी कहा था, “दोनों (उपमुख्यमंत्री) मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। जो 100 विधायक लाएगा, उसे मौका मिलेगा। इससे बेहतर अवसर नहीं मिलेगा।” भाजपा के भीतर किसी तरह की खींचतान की अटकलों को खारिज करते हुए चौधरी ने कहा कि सरकार और पार्टी संगठन पूर्ण समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “सरकार और संगठन के बीच कोई मतभेद नहीं है। यदि कोई मुद्दा उठता है तो उसे आंतरिक रूप से सुलझा लिया जाता है।” चौधरी ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने गरीबों, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए व्यापक स्तर पर काम किया है तथा राज्य में कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और निवेश को मजबूत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे समाप्त हो गए हैं और वह सुर्खियां बटोरने के लिए “अपरिपक्व राजनीतिक बयानबाजी” कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पूरे वर्ष सक्रिय रहता है और पार्टी शीघ्र ही आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति सभी के सामने रखेगी।
