कोलंबो टेस्ट : पडिक्कल का लगातार दूसरा शतक, भारत ने पहले दिन 5 विकेट खोकर बनाए 300 रन

कोलंबो, 23 अगस्त। विदेशी धरती पर तीन वर्षों में पहली टेस्ट  सीरीज जीतने की ललक से सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड पर उतरी टीम इंडिया रविवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भी ठोस शरुआत पा गई, जब गॉल टेस्ट की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले शतकवीर देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरा शतक (117 रन, 193 गेंद, 12 चौके) जड़ दिया। पडिक्कल की अन्य बल्लेबाजों संग बहुमूल्य भागीदारियों का परिणाम था कि पहले दिन स्टंप्स उखाड़ गए तो मेहमान दल पांच विकेट पर 300 रनों तक जा पहुंचा था।

देवदत्त व कप्तान गिल के बीच 120 रनों की साझेदारी

सिक्के की उछाल जीतने वाले भारत के लिए वामहस्त बल्लेबाज पडिक्कल ने, जिन्होंने गॉल टेस्ट की पहली पारी में 167 रनों की पारी खेली थी, दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए न सिर्फ दमदार सैकड़ा ठोका वरन कप्तान शुभमन गिल (50 रन, 108 गेंद, छह चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रनों की भागीदारी की और फिर रवींद्र जडेजा (43 रन, 83 गेंद, चार चौके) संग चौथे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की।

जडेजा ने भी पडिक्कल संग जोड़े 74 रन

ओपनर यशस्वी जायसवाल ने भी 45 रनों (53 गंद, नौ चौके) की उपयोगी पारी खेली। खेल खत्म होने पर ध्रुव जुरेल सात व प्रथम प्रवेशी सारांश जैन चार रन बनाकर खेल रहे थे। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 46 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं तेज गेंदबाज लाहिरु कुमारा और स्पिनर केशारा नुवांथा को एक-एक सफलता मिली।

पडिक्कल को शुरुआत में ही मिले दो जीवनदान

वैसे देखा जाए तो करिअर का चौथा टेस्ट खेलने उतरे पडिक्कल की शुरुआत सहज नहीं रही थी क्योंकि उन्होंने खाता भी नहीं खोला था, तब कुमारा की गेंद पर सोनल दिनुशा प्वॉइंट पर उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। एक रन के निजी स्कोर पर भी पडिक्कल बचे, जब श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डीसिल्वा ने नुवांथा की गेंद पर बैकवर्ड प्वॉइंट पर उनका आसान कैच टपका दिया। फिलहाल पडिक्कल ने इन जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और लय में आने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ कई आकर्षक शॉट खेले।

स्कोर कार्ड

भारतीय पारी की बात करें तो यशस्वी व उप कप्तान केएल राहुल (18 रन, 33 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने पहले विकेट के लिए 37 रनों की भागीदारी से टीम को सतर्क शुरुआत दी। इऩमें यशस्वी ज्यादा ही आक्रामक नजर आए जबकि राहुल ने भी संयमित बल्लेबाजी की और जयसूर्या की गेंद पर उनके सिर के ऊपर से छक्का लगाया। हालांकि कुमारा की गेंद पर स्क्वायर कट खेलने की कोशिश में राहुल ने निरोशन डिकवेला को कैच थमा दिया।

आउट होने के बाद फर्नांडो से भिड़े यशस्वी, श्रीलंकाई कप्तान ने स्थिति संभाली

यशस्वी बड़ी पारी की ओर बढ़ते दिख रहे थे, लेकिन फर्नांडो की अंदर आती शानदार गेंद पर बोल्ड हो गए। फिलहाल जायसवाल के आउट होने के बाद कुछ देर मैदान पर तनातनी भी दिखी। गॉल में पहले टेस्ट की दूसरी पारी में डिकवेला से हुई कहासुनी को लेकर फर्नांडो ने जायसवाल को विदाई देने का इशारा किया। जायसवाल पीछे मुड़े और दोनों के बीच कुछ तीखी बहस हुई। इस दौरान उनका हेलमेट फर्नांडो के माथे से भी छू गया। हालांकि श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डीसिल्वा ने जल्द ही स्थिति संभाल ली।

गिल ने लगाया सीरीज का पहला अर्धशतक

दोनों ओपनरों के लौटने के बाद पडिक्कल व गिल ने भारत को लंच तक दो विकेट पर 88 रनों तक पहुंचाया। अच्छी बात यह रही कि पहले टेस्ट की दोनों पारियों में निराश करने वाले गिल ने दृढ़ता दिखाई और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए सीरीज का पहला पचासा जड़ा। हालांकि चाय से ठीक पहले वह एकाग्रता गंवा बैठे और फर्नांडो की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे बैठे।

ऋषभ पंत को रिटायर्ड हर्ट होकर लौटना पड़ा

चाय (3-187) के बाद भारत को एक और झटका लगा, जब तेज गेंदबाज कुमारा की शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में ऋषभ पंत (तीन रन) बाएं हाथ की कलाई पर चोट लगा बैठे और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पैवेलियन लौटना पड़ा। लेकिन नए बल्लेबाज जडेजा ने पडिक्कल का अच्छा साथ निभाया और दोनों के बीच उपयोगी अर्धशतकीय भागीदारी आ गई।

 

पडिक्कल ने जयसूर्या पर लगातार दो चौकों के बाद सिंगल लेकर 168 गेंदों पर लगातार दूसरा शतक पूरा किया। हालांकि शतक पूरा करने के बाद वह अपनी पारी को ज्यादा विस्तार नहीं दे सके और फिर नुवांथा की गेंद को बोल्ड हो गए। उधर जडेजा दिन के अंतिम 85वें ओवर में फर्नांडो की तेजी से अंदर आती गेंद पर बोल्ड हो गए। 33 वर्ष की उम्र में पदार्पण कर रहे मध्य प्रदेश के हरफनमौला सारांश जैन ने फर्नांडो पर चौके के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने रनों का खाता खोला और टीम के रनों का तिहरा शतक पूरा किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular