दिल्ली : अब आज नहीं होगा सीएम के नाम का एलान, भाजपा विधायक दल की बैठक टली

नई दिल्ली, 16 फरवरी। दिल्ली में सोमवार को प्रस्तावित भाजपा विधायक दल की बैठक टाल दी गई है। यह बैठक दोपहर तीन बजे बुलाई गई थी। बैठक में विधायक दल का नेता यानी मुख्यमंत्री चुना जाना था। फिलहाल बैठक टलने के साथ ही सीएम के नाम का एलान भी विलंबित हो गया है। इसी क्रम में शपथ ग्रहण समारोह भी अब आगे बढ़ गया है।

अब 20 फरवरी को हो सकती है विधायकों की बैठक

भाजपा सूत्रों का कहना है कि अगली बैठक 20 फरवरी को हो सकती है और शपथ ग्रहण 21 को हो सकता है। वीरेंद्र सचदेवा, प्रदेश संगठन मंत्री पवन राना व अन्य की मौजूदगी में देर रात बीएल संतोष ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें यह फैसला लिया गया।

विधायकों को दिल्ली में ही रहने के निर्देश

दरअसल, भाजपा के सभी विधायकों को सोमवार को दिल्ली में ही रहने को कहा गया है। अभी समय नहीं बताया गया है। इसका मतलब है कि आलाकमान ने समय के बारे में बताया ही नहीं है। फिलहाल अब सोमवार के लिए कोई निर्देश नहीं हैं।

सीएम के लिए इन नामों की चर्चा

मुख्यमंत्री और मंत्री पद के लिए कई नवनिर्वाचित विधायकों के नाम चर्चा में हैं। शीर्ष पद के लिए सबसे आगे माने जाने वालों में प्रवेश वर्मा, भाजपा दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय शामिल हैं। पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय सहित अन्य भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। पार्टी में कई नेताओं का मानना ​​है कि राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की तरह भाजपा नेतृत्व नवनिर्वाचित विधायकों में से किसी एक पर दांव लगा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular