1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. बिहार : नीतीश कैबिनेट में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, इस बार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे गृह मंत्रालय
बिहार : नीतीश कैबिनेट में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, इस बार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे गृह मंत्रालय

बिहार : नीतीश कैबिनेट में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, इस बार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे गृह मंत्रालय

0
Social Share

पटना, 21 नवम्बर। बिहार में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाल चुके नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण के एक दिन बाद शुक्रवार को अपनी कैबिनेट के सभी 26 मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया। नई कैबिनेट में सबसे अहम गृह विभाग डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सौंपा गया है। यानी भाजपा कोटे से आने वाले सम्राट चौधरी अब नीतीश सरकार में कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा की कमान संभालेंगे।

नीतीश ने 20 वर्षों में पहली बार गृह मंत्रालय अपने पास नहीं रखा

पिछले 20 वर्षों से चले आ रहे अपने कार्यकाल में नीतीश कुमार ने कभी एनडीए या महागठबंधन सरकार में अपने अलावा किसी को गृह विभाग नहीं दिया था। अब इस प्रमोशन के साथ सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा के सबसे कद्दावर नेता बन गए हैं। सम्राट चौधरी ने इसके साथ ही दिवंगत भाजपा नेता सुशील मोदी को भी पीछे छोड़ दिया है। सुशील मोदी सबसे लंबे समय तक नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम रहे, लेकिन उनको भी कभी गृह मंत्रालय नहीं मिला था।

वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव को कृषि विभाग मिला

वहीं दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को भूमि एवं राजस्व और खान एवं भूतत्व विभाग का मंत्री बनाया गया है। भाजपा कोटे से ही मंत्री बने वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव को कृषि विभाग मिला है, जिसे सरकार के प्रमुख मंत्रालयों में एक माना जाता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल नए उद्योग मंत्री

अन्य मंत्रियों की बात करें तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल नए उद्योग मंत्री बनाए गए हैं। कई पुराने मंत्रियों के पास पहले वाले विभाग ही हैं, जिनमें ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पथ निर्माण मंत्री नितिन नबीन, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्री लेशी सिंह वगैरह शामिल हैं। विजय चौधरी के पास जल संसाधन विभाग जारी रखा गया है।

नए मंत्रियों में रामकृपाल यादव (कृषि) के अलावा, श्रेयसी सिंह को खेल और आईटी, संजय सिंह टाइगर को श्रम संसाधन, संजय पासवान को गन्ना उद्योग, संजय कुमार सिंह को पीएचईडी, लखेंद्र रौशन को एससी एसटी कल्याण, रमा निषाद को पिछड़ा अति पिछड़ा कल्याण, दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग मिला है।

उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार के साथ उनकी नई कैबिनेट के 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। इनमें भाजपा के 14, जेडीयू कोटे के नौ (नीतीश कुमार सहित), लोजपा-आर के 2, HAM और रालोमो के एक-एक मंत्री शामिल थे। नई कैबिनेट में एक मुस्लिम व तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, पहली बार विधानसभा पहुंचे तीन विधायक भी मंत्री बने हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code