भाजपा अध्यक्ष बनते ही नितिन नबीन सक्रिय – विनोद तावड़े व राम माधव समेत इन नेताओं को दी बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 20 जनवरी। नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का अध्यक्ष पद संभालते ही सक्रिय हो उठे हैं। इस क्रम में उन्होंने मंगलवार की देर रात पहला बड़ा निर्णय लिया और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को मई में प्रस्तावित केरल विधानसभा चुनाव का प्रभारी व शोभा करंदलाजे को चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त कर दिया। वहीं ग्रेटर बेंगलुरु कॉर्पोरेशन चुनाव के लिए पार्टी नेता राम माधव को चुनाव प्रभारी और सतीश पूनिया व संजय उपाध्याय को चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किया गया।
BJP National President Shri @NitinNabin has appointed Shri Ram Madhav as the Election In-Charge and Shri Satish Poonia and Shri Sanjay Upadhyay as the Election Co-Incharges for the upcoming Greater Bengaluru Corporation election. pic.twitter.com/pIFfe77vRT
— BJP (@BJP4India) January 20, 2026
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले सोमवार को ही कर्नाटक चुनाव आयोग ने ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (GBA) के तहत पांच सिटी कॉर्पोरेशन के चुनाव 25 मई के बाद EVM के बजाय बैलेट पेपर कराने का एलान किया। वहीं केरल विधानसभा चुनावों में चार महीने बचे हैं। ऐसे में विनोद तावड़े को केरल विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाए जाने को लेकर नितिन नबीन का फैसला अहम माना जा रहा है।
BJP National President Shri @NitinNabin has appointed Shri Vinod Tawde as the Election In-Charge and Sushri Sobha Karandlaje as Election Co-Incharge for the upcoming Kerala assembly election. pic.twitter.com/CaJbnuAGwm
— BJP (@BJP4India) January 20, 2026
नितिन नबीन ने इसी क्रम में चंडीगढ़ महापौर चुनाव के लिए भी विनोद तावड़े को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं आगामी तेलंगाना नगर निगम चुनावों के लिए आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी और अशोक परनामी तथा रेखा शर्मा को सह-चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।
BJP National President Shri @NitinNabin has appointed Shri Ashish Shelar as the Election In-Charge, and Shri Ashok Parnami along with Smt. Rekha Sharma as Election Co-Incharges for the upcoming Telangana Municipal and Corporation elections. pic.twitter.com/ssCbvlSvD9
— BJP (@BJP4India) January 20, 2026
क्या होगी जिम्मेदारी
बहरहाल, राम माधव को चुनाव प्रभारी और सतीश पूनिया और संजय उपाध्याय की जिम्मेदारी ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए रणनीति बनाने और उस पर अमल कराने की होगी। ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के चुनाव में जीत हासिल करना नितिन नबीन के लिए भी एक चुनौती और मौका दोनों होगी।
कर्नाटक राज्य चुनाव आयोग का एलान
कर्नाटक राज्य चुनाव आयोग के अनुसार ग्रेटर बेंगलुरु नगर निगम चुनाव के लिए चुनाव अस्थायी तौर पर 25 मई के बाद होंगे, जब कक्षा 10, कक्षा 11 और 12 की परीक्षाएं खत्म हो चुकी होंगी। इस बार GBA चुनाव बैलेट पेपर से होंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या दिए थे आदेश
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले हफ्ते कर्नाटक सरकार और राज्य चुनाव निकाय को 30 जून तक बेंगलुरु स्थानीय निकाय चुनाव कराने को कहा था। पहले चुने गए निकाय का, जो पहले बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) के तहत था, कार्यकाल 10 सितम्बर, 2020 को खत्म हो गया था। तब से एक सरकार द्वारा नियुक्त प्रशासक इसके रोजमर्रा के काम देख रहा था।
सितम्बर, 2025 में ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (GBA) के तहत बेंगलुरु को पांच नए नगर निगमों – सेंट्रल, ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ और साउथ – में बांटा गया था, जिसने सिंगल बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) की जगह ली थी।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट नोटिफिकेशन जारी
इस बीच राज्य चुनाव आयोग (SEC) ने सोमवार को ही जारी अपने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट नोटिफिकेशन में, पांच ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (GBA) सिटी कॉर्पोरेशन में 88.9 लाख से ज्यादा मतदाताओं की लिस्ट दी है, जिसमें 45 लाख पुरुष और 43 लाख महिलाएं शामिल हैं। चुनाव 369 वार्डों में बनाए गए 8,044 पोलिंग स्टेशनों पर होंगे। राज्य चुनाव आयुक्त जीएस संगरेशी ने बताया कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट एक अक्टूबर, 2025 को क्वालिफाइंग तारीख मानकर तैयार की गई है।
सूची में 9.7 लाख से ज्यादा मतदाता जोड़े गए
2022 की तुलना में 9.7 लाख से ज्यादा मतदाता लिस्ट में जोड़े गए हैं, जब GBA (तब BBMP) के तहत आने वाले इलाकों के लिए आखिरी बार ऐसा किया गया था। डेटा से पता चलता है कि महिला मतदाताओं में 13.6% की बढ़ोतरी हुई है, पुरुष मतदाताओं में 11% की बढ़ोतरी हुई है और कुल मिलाकर 12.2% की बढ़ोतरी हुई है। कम बेस नंबर को देखते हुए, अन्य कैटेगरी में 14% की बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को शेयर किए गए डेटा के अनुसार, 2022 में लगभग 79.2 लाख वोटर्स थे, जिनमें 41.1 लाख से ज्यादा पुरुष, 38 लाख महिलाएं और 1,433 अन्य शामिल थे।
