टोक्यो पैरालंपिक : भारत को एक दिन में दूसरा पदक, ऊंची कूद में निषाद कुमार ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ दिलाया रजत

टोक्यो, 29 अगस्त। टोक्यो पैरालंपिक खेलों में शुक्रवार को भारत की चांदी ही चांदी रही। महिला पैडलर भाविनाबेन पटेल ने रजत पदक से दिन की शुरुआत की तो शाम को एथलीट निषाद कुमार ने चमक बिखेरी और पुरुषों की ऊंची कूद T47 स्पर्धा में रजत पाने में सफल रहे।

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से अपने ही एशियाई रिकॉर्ड की बराबरी की

वर्ष 2019 में ही खेल की शुरुआत करने वाले निषाद कुमार ने नेशनल स्टेडियम में 2.06 मीटर की कूद के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और अपने ही एशियाई रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।

उना (हिमाचल प्रदेश) के निषाद कुमार शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीन एथलीटों में पहुंचे थे। उन्होंने अमेरिका के दो एथलीटों के साथ प्रतिस्पर्धा की। अमेरिका के डलास वाइज को भी रजत पदक से सम्मानित किया गया क्योंकि उन्होंने और कुमार दोनों ने समान 2.06 मीटर की छलांग लगाई। एक अन्य अमेरिकी रॉडरिक टाउनसेंड ने 2.15 मीटर की विश्व रिकॉर्ड छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता।

भारत के ही एक अन्य एथलीट राम पाल का खेल भी सराहनीय रहा। वह 1.94 मीटर की कूद के साथ पांचवें पोजिशन पर रहे। उनका भी यह करियर बेस्ट परफॉर्मेंस है।

दुबई में स्वर्ण जीतकर कटाया था पैरालंपिक का टिकट

निषाद कुमार ने 2019 में दुबई में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां. प्री. में 2.05 मीटर की ऊंची कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता था और इसी के साथ उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक का टिकट भी हासिल किया था। हालांकि इस वर्ष फरवरी में वह साई बेंगलुरु में शिविर के दौरान कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे। लेकिन उन्होंने न केवल महामारी को मात दी बल्कि टोक्यो की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर निषाद कुमार को रजत पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा, ‘वह एक असाधारण एथलीट हैं, मैं इससे बहुत खुश हूं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular