गुजरात के नवनियुक्त मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल आज लेंगे पद व गोपनीयता की शपथ

गांधीनगर, 13 सितम्बर। गुजरात के नवनियुक्त मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल आज दोपहर बाद दो बज कर 20 मिनट पर राज्य के 17 वें मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत उन्हें शपथ दिलायेंगे। वह अकेले ही शपथ लेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी इस अवसर पर उपस्थित रहने की सम्भावना है।

भूपेन्द्र पटेल ने कल शाम राजभवन जाकर राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इस मौक़े पर केंद्रीय निरीक्षक नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद जोशी (दोनों केंद्रीय मंत्री) तथा पार्टी के केंद्रीय महामंत्री तरुण चुघ , प्रदेश प्रमुख सीआर पाटिल और प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और कई पूर्व मंत्री मौजूद थे, पर पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल की अनुपस्थिति से उनकी नाराजगी की अटकलें भी तेज हो गयी हैं।

  • भूपेन्द्र पटेल अकेले लेंगे शपथ

सत्तारूढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने बताया कि भूपेन्द्र पटेल अकेले ही शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में दोपहर दो बज कर 20 मिनट पर आयोजित होगा। पार्टी संगठन के साथ चर्चा के बाद उसके अगले एक-दो दिन में मंत्रियों के नामों की घोषणा होगी। उन्होंने कहा कि अभी उपमुख्यमंत्री पद के लिए कोई चर्चा नहीं हुई है।

ज्ञातव्य है कि गुजरात में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के अचानक इस्तीफ़ा देने के एक दिन बाद कल ज़बरदस्त राजनीतिक गहमागहमी और अटकलबाजियों के बीच भूपेन्द्र रजनीकांत पटेल को उनका उत्तराधिकारी चुन लिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular