Homeहिन्दीराष्ट्रीयनई वंदे भारत ट्रेन ने तोड़ा बुलेट ट्रेन का रिकॉर्ड, सिर्फ 52...

नई वंदे भारत ट्रेन ने तोड़ा बुलेट ट्रेन का रिकॉर्ड, सिर्फ 52 सेकेंड में पकड़ी 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार

नई दिल्ली, 11 सितम्बर। देश की पहली सेमी हाई स्पीड और नई वंदे भारत ट्रेन ने बुलेट ट्रेनों को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। ट्रायल टेस्ट के दौरान वंदे भारत ने सिर्फ 52 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी थी और ऐसा कर उसने नया रिकॉर्ड बना दिया।

ऐसे बनाया नया रिकॉर्ड

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद यह जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद-मुंबई रूट पर गुरुवार को वंदे भारत ट्रेन की तीसरी टेस्टिंग हुई है। इस ट्रेन ने महज 52 सेकेंड में ही 0 से 100 km प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ ली जबकि इसी स्पीड को बुलेट ट्रेन को पकड़ने में 56 सेकेंड लगते है। यह देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है।

तीसरी वंदे भारत ट्रेन की अधिकतम गति 180 किमी/घंटा

अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘तीसरी वंदे भारत ट्रेन की अधिकतम गति 180 किमी/घंटा है। यह बुलेट ट्रेन द्वारा लिए गए 56 सेकेंड की तुलना में 52 सेकेंड में 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। पहली पीढ़ी की वंदे भारत ट्रेनें 54.6 सेकेंड में 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ती हैं और उनकी अधिकतम गति 160 किमी प्रति घंटा है।’

5 घंटे में अहमदाबाद से पहुंची मुंबई

उल्लेखनीय है कि इस नई वंदे भारत ट्रेन का शुक्रवार को अहमदाबाद-मुंबई के बीच ट्रायल किया गया है। यह ट्रायल सफल रहा और महज दो घंटे 32 मिनट में यह ट्रेन अहमदाबाद से सूरत पहुंच गई थी जबकि इस दूरी को तय करने के लिए शताब्दी एक्सप्रेस को तीन घंटे लगते है। इसके बाद यह ट्रेन सीधे मुंबई पहुंची, जिसमें इसने 492 किमी की दूरी सिर्फ पांच घंटे 10 मिनट में तय की। इसी दूरी को तय करने में शताब्दी एक्सप्रेस को छह घंटे 20 मिनट लगते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments