विश्व एथलेटिक्स : नीरज ने पहले ही प्रयास में किया सत्र का सर्वश्रेष्ठ भाला प्रक्षेप, फाइनल में बनाई जगह

बुडापेस्ट, 25 अगस्त। ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा ने यहां विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शुक्रवार को अपने अभियान का जोरदार आगाज किया और भाला प्रक्षेप स्पर्धा के क्वालीफायर ए में उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में 88.77 मीटर प्रक्षेप कर फाइनल में जगह बना ली।

27 अगस्त को होगा भाला प्रक्षेप स्पर्धा का फाइनल

वस्तुतः नीरज चोपड़ा का यह इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ और करिअर का तीसरा बेस्ट थ्रो रहा। इस प्रतियोगिता का फाइनल 27 अगस्त को खेला जाएगा, जिसमें कुल 12 एथलीट प्रवेश करेंगे।

इस थ्रो के साथ नीरज फाइनल में जगह बनाने वाले पहले एथलीट बने, इसके साथ ही उन्होंने पेरिस ओलंपिक के लिए भी टिकट हासिल कर लिया। फाइनल में ऑटोमेटिक जगह बनाने के लिए एथलीट को कम से कम 83 मीटर का स्तर पार करना था और नीरज ने इस मार्क को अपने पहले ही प्रयास में पार किया।

भारत के मनु डीपी व  किशोर जेना भी जोर आजमा रहे

नीरज के साथ इस इवेंट में दो और भारतीय खिलाड़ी मनु डीपी और किशोर जेना भी इस प्रतियोगिता का हिस्सा हैं। मनु डीपी ग्रुप-ए में नीरज के हैं, जिन्होंने क्वालीफायर के पहले प्रयास में मनु डीपी ने 78.10 मीटर की दूरी तय की। वहीं किशोर जेना ग्रु-बी में हैं।

देखा जाए तो नीरज चोपड़ा इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। पिछले साल उन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। अगर वह इस वर्ष गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहते हैं तो वह अभिनव बिंद्रा के बाद ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे।

नीरज के करिअर के टॉप-5 थ्रो इस प्रकार हैं –

  • 89.94 मीटर – स्टॉकहोम डायमंड लीग 2022
  • 89.30 मीटर – पावो नूरमी गेम्स 2022
  • 89.08 मीटर – लॉज़ेन डायमंड लीग 2022
  • 88.67 मीटर – दोहा डायमंड लीग 2023
  • 88.44 मीटर – ज्यूरिख डायमंड लीग फाइनल 2022
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular