1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. पंजाब में एनडीए का फार्मूला तय : भाजपा 65, पीएलसी 37 व संयुक्त अकाली दल (ढींढसा) 15 उम्मीदवार उतारेंगे
पंजाब में एनडीए का फार्मूला तय : भाजपा 65, पीएलसी 37 व संयुक्त अकाली दल (ढींढसा) 15 उम्मीदवार उतारेंगे

पंजाब में एनडीए का फार्मूला तय : भाजपा 65, पीएलसी 37 व संयुक्त अकाली दल (ढींढसा) 15 उम्मीदवार उतारेंगे

0
Social Share

नई दिल्ली, 24 जनवरी। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अधयक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को यहां आहूत साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस आशय की घोषणा की।

जेपी नड्डा ने कहा, ‘पंजाब में एनडीए के बीच जो फार्मूला तय हुआ है, उसके अनुरूप भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और संयुक्त अकाली दल (ढींढसा), हम सब मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और संयुक्त अकाली दल (ढिंढसा) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।’

उल्लेखनीय है कि भाजपा इस बार पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस और पूर्व केंद्रीय मत्री सुखदेव सिंह ढींढसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन में 117 सीटों वाली पंजाब विधानसभा के चुनाव में उतर रही है और कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को सत्ता से बेदखल करने की कोशिशों में जुटी है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला से जोर आजमा रहे

कांग्रेस छोड़ने के बाद पंजाब लोक कांग्रेस का गठन करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने रविवार को पीएलसी के 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजितपाल सिंह को नकोदर से प्रत्याशी बनाया गया है। खुद पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ रहे अमरिंदर ने कहा, ‘हमने जीत की संभावना पर ध्यान केंद्रित करने के साथ-साथ सभी क्षेत्रों और समाज के अलग-अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए अच्छे उम्मीदवार उतारे हैं।’

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। पार्टी की इस सूची में किसान परिवारों के 12 नेताओं, 13 सिखों और आठ दलितों को टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और भाजपा महासचिव व पंजाब के प्रभारी दुष्यंत गौतम और महासचिव तरुण चुघ ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code