1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : रिकवरी रेट 97.48% के उच्चतम स्तर पर, एक्टिव केस 145 दिनों में न्यूनतम
भारत में कोरोना संकट : रिकवरी रेट 97.48% के उच्चतम स्तर पर, एक्टिव केस 145 दिनों में न्यूनतम

भारत में कोरोना संकट : रिकवरी रेट 97.48% के उच्चतम स्तर पर, एक्टिव केस 145 दिनों में न्यूनतम

0
Social Share

नई दिल्ली, 16 अगस्त। देशभर में लगातार दूसरे दिन कोविड-19 के नए मामले 40 हजार से कम रहे। इसका असर यह रहा कि इस महामारी से स्वस्थ होने वालों की दर रविवार को अब तक के उच्चतम स्तर 97.48 फीसदी तक जा पहुंची है वहीं इलाजरत मरीजों की संख्या 1.19 फीसदी की दर से 3,81,947 बची, जो 145 दिनों में न्यूनतम है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी साझा की।

देश में 32,937 नए संक्रमित, 35,909 स्वस्थ

मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर बीते 24 घंटे के दौरान 32,937 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई तो इस दौरान 35,909 लोग स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 417 लोगों की मौत हुई। देश में अब तक 3.22 करोड़ से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 3.14 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ हुए हैं। हालांकि इस दौरान मृतकों का आंकड़ा भी 4.31 लाख पार कर चुका है। एक्टिव केसलोड में 3,389 की दैनिक गिरावट दर्ज की गई।

केरल में लगातार दूसरे दिन 20 हजार से कम नए मामले

राष्ट्रीय स्तर पर यदि नए मामलों में कमी दिख रही है तो उसकी मुख्य वजह केरल है, जहां लगातार दूसरे दिन 20 हजार से कम 18,582 नए संक्रमित पाए गए। इस दौरान 102 लोगों की मौत हुई जबकि 20,089 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव केस में 1,609 की दैनिक गिरावट के साथ राज्य में अब 1,79,155 इलाजरत मरीज हैं।

महाराष्ट्र सहित नौ राज्यों में बढ़े सक्रिय मामले

हालांकि महाराष्ट्र में अर्से बाद पांच हजार से कम कुल 4,797 नए मामले सामने आए, लेकिन इस दौरान 130 लोगों की मौत हुई और 3,710 ही स्वस्थ हुए। यही वजह रही कि राज्य में एक्टिव केस में 957 की दैनिक वृद्धि दर्ज की गई। अब राज्य में कुल 67,688 एक्टिव मामले हैं। दरअसल, महाराष्ट्र सहित नौ राज्यों में रविवार को सक्रिय मामले बढ़े। इन राज्यों में मेघालय (135) सबसे आगे रहा जबकि दिल्ली में 35 और तमिलनाडु में 31 की दैनिक वृद्धि दर्ज की गई।

इस बीच रविवार को अवकाश के दिन 17.43 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण अभियान के तहत 212 दिनों में 54.58 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। दूसरी तरफ बीते 24 घंटे के भीतर लगभग 12 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही 15 अगस्त तक 49 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –
24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 32,937
24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 35,909
24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 417
अब तक कुल संक्रमित : 3,22,25,513
अब तक कुल स्वस्थ : 3,14,11,924
रिकवरी दर : 97.48%
अब तक कुल मौतें : 4,31,642
मृत्यु दर : 1.34%
इलाजरत मरीज : 3,81,947 (दैनिक गिरावट 3,389)
सक्रियता दर : 1.19%
24 घंटे के दौरान टीककरण : 17,43,114
212 दिनों में कुल टीकाकरण : 54,58,57,108
24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 11,81,212
अब तक कुल सैम्पल की जांच : 49,38,05,720.

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code