![नरेंद्र मोदी ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार शपथ लेने वाले पहले गैर कांग्रेसी पीएम बने](https://revoi-hindi.s3.ap-south-1.amazonaws.com/wp-content/uploads/2024/06/09222323/%E0%A4%AA%E0%A5%80%E0%A4%8F%E0%A4%AE-%E0%A4%AE%E0%A5%8B%E0%A4%A6%E0%A5%80-%E0%A4%A8%E0%A5%87-%E0%A4%B2%E0%A5%80-%E0%A4%B6%E0%A4%AA%E0%A4%A51.jpg)
नरेंद्र मोदी ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार शपथ लेने वाले पहले गैर कांग्रेसी पीएम बने
नई दिल्ली, 9 जून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में रविवार की शाम नए अध्याय का सृजन किया, जब वह लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले पहले गैर कांग्रेसी नेता बने। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन परिसर में कई राष्ट्राध्यक्षों सहित अनेक गणमान्य विभूतियों की मौजूदगी में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मैं, नरेंद्र दामोदरदास मोदी…#ModiAgain pic.twitter.com/6gp5NVSmwq
— BJP (@BJP4India) June 9, 2024
उल्लेखनीय है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का नेतृत्व करने वाले पं. जवाहर लाल नेहरू ने 1952, 1957 व 1962 के चुनावों में जीत के सहारे लगातार तीन बार प्रधानमंत्री पद संभाला था। अब उनके बाद नरेंद्र मोदी (2014, 2019 और 2024 में) यह उपलब्धि हासिल की है। लेकिन यह गौरव अर्जित करने वाले पहले गैर कांग्रेसी नेता हैं। हालांकि पिछले दो कार्यकाल के मुकाबले इस बार भाजपा अकेले पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर सकी है। फिलहाल, उसके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पूर्ण बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल हुआ है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने पीएम मोदी के साथ उनकी कैबिनेट में शामिल होने वाले भाजपा और एनडीए के सहयोगी घटक दलों के अन्य दिग्गज नेताओं को भी मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोदी के बाद शपथ ग्रहण करने वाले अन्य शीर्ष नेताओं में क्रमशः राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और मौजूदा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी शामिल रहे, जिनका अध्यक्षीय कार्यकाल अगले माह समाप्त होने वाला है।
पीएम मोदी सहित 72 मंत्रियों ने शपथ ली, 30 कैबिनेट मंत्री शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू ने पीएम मोदी सहित भाजपा और एनडीए के 11 सहयोगी दलों के कुल 72 मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई कैबिनेट में पीएम मोदी के अलावा 30 कैबिनेट मंत्री, पांच स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल हैं।
नई कैबिनेट में विभिन्न सामाजिक समूहों से नेतृत्व मिला है, जिनमें 27 ओबीसी, 10 एससी, 5 एसटी, पांच अल्पसंख्यक शामिल हैं। यहीं नहीं वरन कैबिनेट में रिकॉर्ड 18 वरिष्ठ मंत्री शामिल हैं, जो विभिन्न मंत्रालयों का नेतृत्व कर रहे हैं। कैबिनेट में 43 मंत्री संसद में तीन या उससे अधिक कार्यकाल तक सेवा दे चुके हैं। वहीं 39 केंद्र सरकार में पहले भी मंत्री रह चुके हैं। कई पूर्व सीएम, 34 राज्य विधानसभाओं में सेवा दे चुके हैं, 23 राज्यों में मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं।
मोहम्मद मुइज्जू सहित ये राष्ट्राध्यक्ष भी रहे उपस्थित
शपथ ग्रहण समारोह में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, सेशेल्स के उप राष्ट्रपति अहमद अफीफ, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे सहित शीर्ष विदेशी मेहमान शरीक हुए।