1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. बिहार : नंद किशोर यादव विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, तेजस्वी यादव बने नेता प्रतिपक्ष
बिहार : नंद किशोर यादव विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, तेजस्वी यादव बने नेता प्रतिपक्ष

बिहार : नंद किशोर यादव विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, तेजस्वी यादव बने नेता प्रतिपक्ष

0
Social Share

पटना, 15 फरवरी। भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव गुरुवार को बिहार विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव नए अध्यक्ष को आसन तक ले गए।

नीतीश कुमार ने नंद किशोर यादव को बधाई देते हुए कहा, ‘आप (अध्यक्ष) एक अनुभवी नेता हैं। मैं आपको निर्वाचित होने पर बधाई देता हूं। सभी विधायकों ने आपको समर्थन दिया है। मुझे यकीन है कि आप सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को सुनेंगे।’

तेजस्वी यादव ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद

वहीं तेजस्वी यादव ने नंद किशोर यादव का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उम्मीद जताई कि नए अध्यक्ष विपक्ष की बात भी सुनेंगे। उन्होंने कहा, ‘आप बहुत वरिष्ठ नेता हैं और मुझे यकीन है कि आप निष्पक्ष रहकर विपक्ष की बात भी सुनेंगे।’

उप मुख्यमंत्रियों – सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी नंद किशोर यादव को बधाई दी। चौधरी ने कहा, ‘आप हमारे वरिष्ठ नेता हैं और गुरु गोविंद सिंह जी की भूमि से संबंध रखते हैं। इसके लिए हम सभी अपने केंद्रीय नेतृत्व के आभारी हैं।’

पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र से सात बार विधायक रहे नंदकिशोर यादव ने अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अवध बिहारी चौधरी के अध्यक्ष पद से हटने के बाद नामांकन दाखिल किया था। चौधरी को मंगलवार को अविश्वास प्रस्ताव के बाद पद छोड़ना पड़ा था। चौधरी के पद से हटने के बाद उपाध्यक्ष और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता महेश्वर हजारी सदन की कार्यवाही का संचालन कर रहे थे।

नीतीश सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं नंद किशोर यादव

उल्लेखनीय है कि नंद किशोर यादव ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 1978 में 1982 में पटना नगर निगम के पार्षद के तौर पर की और बाद में पटना के उप महापौर बने। यादव 1995 में पहली बार विधायक चुने गए और कई बार नीतीश कुमार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए यादव के निर्वाचन को नई सरकार में अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और उच्च जातियों के बीच संतुलन बनाने के भाजपा के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code