1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-18 : मुंबई इंडियंस की रोमांचक जीत, घर में टूटा दिल्ली कैपिटल्स का अजेय क्रम
आईपीएल-18 : मुंबई इंडियंस की रोमांचक जीत, घर में टूटा दिल्ली कैपिटल्स का अजेय क्रम

आईपीएल-18 : मुंबई इंडियंस की रोमांचक जीत, घर में टूटा दिल्ली कैपिटल्स का अजेय क्रम

0
Social Share

नई दिल्ली, 13 अप्रैल। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-18) 2025 में रविवार के डबल हेडर में उन दोनों टीमों को मायूसी झेलनी पड़ी, जो मौजूदा सत्र में पहली बार घरेलू मैदान पर उतरी थीं। इस क्रम में शाम को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों नौ विकेट की शिकस्त खानी पड़ी तो यहां अरुण जेटली स्टेडियम की दूधिया रोशनी में दिल्ली कैपिटल्स का भी शुरुआती चार मैचों का अजेय क्रम टूटा और लगातार चार पराजयों से बेजार पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने 12 रनों की रोमांचक जीत हासिल कर ली।

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मुंबई इंडियंस ने विस्फोटक तिलक वर्मा (59 रन, 33 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) एवं अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से पांच विकेट पर 205 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। जवाब में करुण नायर (89 रन, 40 गेंद, पांच छक्के, 12 चौके) के एकल प्रयास के बीच दिल्ली कैपिटल्स की टीम 19 ओवरों में 193 रनों तक पहुंच सकी।

पहली हार के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स दूसरे स्थान पर काबिज  

पांच मैचों में पहली हार के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की टीम आठ अंक लेकर अंक तालिका में गुजरात टाइटंस के बाद दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं छह मैचों में दूसरी जीत के बाद मुंबई इंडियंस के चार अंक हैं और वह दो पायदान चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गया है।

करुण नायर व अभिषेक पोरल के बीच 119 रनों की साझेदारी

कठिन लक्ष्य के सामने दिल्ली कैपिटल्स को पहली ही गेंद पर झटका लगा, जब दीपक चहर ने जैक फ्रेजर मैकगर्क को निबटा दिया। हालांकि इसके बाद अभिषेक पोरल (33 रन, 25 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व तीन वर्षों बाद वापसी कर रहे करुण ने 61 गेंदों पर ही 119 रनों की साझेदारी कर दी। इसी क्रम में करुण ने सात वर्षों में आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक भी जड़ा।

करण शर्मा व सैंटनर ने कैपिटल्स का बढ़ाव रोका

फिलहाल इसके बाद एक भी अर्धशतकीय भागीदारी विकसित नहीं हुई और मेरठ के 37 वर्षीय गुगली विशेषज्ञ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ करण शर्मा (3-36) व मिचेल सैंटनर (2-43) ने साथी गेंदबाजों संग मिलकर सिर्फ तीन बल्लेबाजों – केएल राहुल (15 रन, 13 गेंद, एक चौका), आशुतोष शर्मा (17 रन, 14 गेंद, दो चौके) व विपराज निगम (14 रन, आठ गेंद, एक छक्का, एक चौका) को 10 का आंकड़ा पार करने दिया।

19वें ओवर में बुमराह की अंतिम 3 गेंदों पर 3 रन आउट

दिलचस्प यह रहा कि दिल्ली को अंतिम 12 गेंदों पर 23 रनों की दरकार थी और उसके पास तीन विकेट सुरक्षित थे। लेकिन 19वां ओवर लेकर आए जसप्रीत बुमराह को लगातार दो चौके जड़ने के बाद आशुतोष, कुलदीप यादव (1) व मोहित शर्मा अंतिम तीन गेंदों पर रन आउट हो गए।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व मुंबई इंडियंस की पारी में तिलक वर्मा के अलावा रयान रिकेल्टन (41 रन, 25 गेंद, दो छक्के, पांच चौके), सूर्यकुमार यादव (40 रन 28 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) व अंत में नमन धीर (नाबाद 38 रन, 17 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) ने भी आक्रामक अंदाज दिखाया और मुंबइया टीम 200 के पार पहुंचने में सफल रही।

तिलक वर्मा व सूर्या के बीच 60 रनों की भागीदारी

हालांकि रोहित शर्मा (18 रन, 12 गेंद, एक छक्का, दो चौके) एक बार फिर प्रभाव छोड़ने में विफल रहे। उन्हें पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर विपराज निगम (2-41) ने 47 के योग पर पगबाधा किया तो आक्रामक रिकेल्टन को आठवें ओवर में कुलदीप यादव (2-23) ने चलता कर दिया। यहीं सूर्या का साथ देने तिलक वर्मा उतरे और दोनों के बीच 33 गेंदों पर 60 रनों की तेज भागीदारी आ गई।

नमन धीर संग तिलक ने 33 गेंदों पर जोड़े 62 रन

कुलदीप ने 14वें ओवर में 135 के योग पर सूर्या को रोका तो कप्तान हार्दिक पंड्या (2) भी नहीं चले। लेकिन तिलक व नमन धीर ने 33 गेंदों पर ही 62 रनों की भागीदारी कर मुंबई को 200 पार करा दिया। यही स्कोर बाद में पंड्या एंड कम्पनी के लिए पर्याप्त साबित हुआ।

सोमवार का मैच : लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (लखनऊ, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code