
मुकेश अंबानी दुनिया के अमीर व्यक्तियों की सूची में टॉप 10 से बाहर, रोशनी नादर बनीं दुनिया की 5वीं सबसे अमीर महिला
नई दिल्ली, 27 मार्च। देश के शीर्षस्थ उद्योगपति रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी अब दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में टॉप 10 से बाहर हो गए हैं। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2025 में यह जानकारी सामने आई है। इसके अनुसार मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में पिछले एक वर्ष में कुल एक लाख करोड़ की कमी आई है। अब उनकी नेटवर्थ 8.6 लाख करोड़ रुपये है।
एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार टेस्ला के सीईओ एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति में 82% या 189 बिलियन डॉलर की आश्चर्यजनक वृद्धि हुई है और यह 420 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई। सूची में दूसरे नंबर पर अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस (266 बिलियन डॉलर) और तीसरे नंबर पर मेटा फाउंडर मार्क जुकरबर्ग (242 बिलियन डॉलर) का नाम है। मुकेश अंबानी 91.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पूरी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 18वें नंबर पर हैं। वहीं अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी 53.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ लिस्ट में 27वें नंबर पर हैं।
रुन के अनुसार दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट
रोशनी नादर शीर्ष 10 अमीर महिलाओं में जगह बनाने वाली पहली भारतीय
दूसरी ओर HCL टेक के मालिक शिव नादर की बेटी रोशनी नादर दुनिया की टॉप 10 अमीर महिलाओं की लिस्ट में शामिल होने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। लिस्ट के अनुसार रोशनी नादर दुनिया की 5वीं सबसे अमीर महिला बन गई हैं। इसके साथ ही वह साथ में रोशनी नादर भारत के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गई है। वह इस लिस्ट में इकलौती महिला हैं। रोशनी नादर की कुल संपत्ति 3.5 लाख करोड़ रुपये है। दरअसल, शिव नादर ने हाल ही में एचसीएल में 47% हिस्सेदारी बेटी रोशनी को हस्तांतरित कर दी थी।
अंबानी अब भी एशिया के सबसे अमीर
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार अंबानी भले ही दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट का हिस्सा बनने से चूक गए, लेकिन वह अब भी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। लिस्ट के अनुसार रिलायंस समूह के चेयरमैन की संपत्ति में कमी आई है क्योंकि रिलायंस इंडस्ट्रीज को अपने ऊर्जा और खुदरा कारोबार में खराब प्रदर्शन से जूझना पड़ा है। धीमी बिक्री वृद्धि और ऋण को लेकर निवेशकों की चिंताओं ने समूह की समस्याओं को और बढ़ा दिया है। कम्पनी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, नवीकरणीय ऊर्जा और खुदरा कारोबार के विस्तार की ओर कदम बढ़ाए हैं, जिसमें धीमी प्रगति का उनकी संपत्ति पर असर पड़ रहा है।
गौतम अडानी भारत के शीर्ष संपत्ति लाभार्थी बनकर उभरे
भारत के सबसे अमीर लोगों की बात करें तो हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2025 में शीर्षस्थ मुकेश अंबानी के बाद गौतम अदाणी का नंबर है। अंबानी 8.6 लाख करोड़ रुपये के साथ अब भी टॉप पर बने हुए हैं। दिलचस्प पहलू यह है कि गौतम अडानी भारत के शीर्ष संपत्ति लाभार्थी बनकर उभरे हैं। उनकी कुल संपत्ति में पिछले एक वर्ष में 13 प्रतिशत यानी लगभग एक लाख करोड़ रुपये की प्रभावशाली वृद्धि हुई है। अब उनकी संपत्ति 8.4 लाख करोड़ है।
गौतम अदाणी ने कमोडिटी ट्रेडर के रूप में शुरुआत करने के बाद अपना साम्राज्य खड़ा किया और अपने समूह को नई ऊंचाइयों पर ले गए। अदाणी समूह देश के बंदरगाहों, बिजली उत्पादन, हवाई अड्डों, खनन, नवीकरणीय ऊर्जा, मीडिया और सीमेंट में कारोबार से जुड़ा है।
हुरुन की लिस्ट के अनुसार भारत सबसे अमीर लोगों की सूची में तीसरे नंबर पर रोशनी नादर (3.5 लाख करोड़ रुपये) हैं। सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के दिलीप सांघवा (2.5 लाख करोड़) चौथे और विप्रो के अजीम प्रेमजी (2.2 लाख करोड़ रुपये) पांचवें स्थान पर हैं।