कोरोना से लड़ाई : टीकाकरण अभियान के 235 दिनों में वैक्सीन ले चुके लोगों की संख्या 70 करोड़ से पार

नई दिल्ली, 8 सितम्बर। कोरोना महामारी से बचाव के लिए केंद्र व राज्य सरकारों के अथक प्रयासों से चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत देशभर में अब तक 70 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी खुराक दी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को यह जानकारी साझा की गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस वर्ष 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था और सात सितम्बर तक 235 दिनों में कुल 70,75,43,018 लोग इसका लाभ ले चुके हैं। इनमें मंगलवार को वैक्सीन की खुराक लेने वाले 78,47,625 लोग भी शामिल हैं।

सिर्फ 13 दिनों में लग गए अंतिम 10 करोड़ टीके

दिलचस्प तो यह है कि शुरुआत में 10 करोड़ टीके लगाने में 85 दिन लगे थे जबकि अंतिम 10 करोड़ की संख्या (60 से 70 करोड़) सिर्फ 13 दिनों में पार हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने टीकाकरण अभियान के 70 करोड़ पार जाने पर देश के स्वास्थ्यकर्मियों को भारतवासियों को बधाई दी है।

मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी है कि 18-44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का अब तक 50.3 फीसदी टीकाकरण हो चुका है। 45-60 वर्ष आयु वर्ग में यह 29.8 फीसदी है जबकि 60 वर्ष से ऊपर के 19.9 फीसदी लोगों को खुराक दी जा चुकी है।

देश में अब तक 53.43 करोड़ लोगों के सैम्पल की जांच

इस बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को 15,53,745 लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही सात सितम्बर तक देश में कुल 53,43,57,948 लोगों की जांच की जा चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular