Homerevoinewsमायावती का केजरीवाल पर प्रहार, बोलीं – श्रमिकों के पलायन पर फिर...

मायावती का केजरीवाल पर प्रहार, बोलीं – श्रमिकों के पलायन पर फिर नाटक करने लगे दिल्ली के मुख्यमंत्री

नई दिल्ली, 8 मई। बहुजन समाज पार्टी (बसपी) की अध्यक्ष मायावती ने कोरोना संकट के दौरान बड़े राज्यों में कार्यरत गरीब, दलित और मजदूर वर्ग के पलायन पर चिंता जाहिर की है और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर प्रहार करते हुए कहा है कि मजदूरों के पलायन को लेकर वह पिछले वर्ष की ही तरह फिर नाटक कर रहे हैं।

बसपा प्रमुख ने एक के बाद एक तीन ट्वीट करते हुए अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की जरूरत पूरी हो जाएं तो वे पलायन नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने दलित, गरीब व आदिवासियों के लिए फ्री वैक्सीन की मांग उठाई है।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पहले ट्वीट में केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘केवल हाथ जोड़कर दिल्ली के सीएम का यह कहना कि दिल्ली से लोग पलायन न करें, यही नाटक कोरोना के दौरान पहले भी किया गया था। यही सब अब महाराष्ट्र, हरियाणा व पंजाब आदि राज्यों में भी देखने के लिए मिल रहा है। अब पंजाब में लुधियाना से भी काफी लोग पलायन कर रहे हैं,यह अति-दुःखद है।‘

मायावती ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा, ‘यदि यहां की राज्य सरकारें, इनमें विश्वास पैदा करके इनकी जरूरतों को समय से पूरा कर देतीं तो फिर ये लोग पलायन नहीं करते और अब यहां की राज्य सरकारें इस मामले में अपनी कमियों को छिपाने हेतु किस्म-किस्म की नाटकबाजी कर रही हैं, यह किसी से छिपा नहीं है।’

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘साथ ही, पूरे देश में सर्वसमाज में से खासकर गरीबों, दलितों व आदिवासी समाज के लोगों को मुफ्त वैक्सीन दी जानी चाहिए। इसके साथ-साथ ऐसे समय में इनकी आर्थिक मदद भी जरूर की जानी चाहिए। बीएसपी की केंद्र व सभी राज्य सरकारों से भी पुनः यह मांग है।’

गौरतलब है कि पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक कोरोना की दूसरी लहर में विभिन्न राज्यों में उद्योग धंधे बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. ऐसे में काम पर लौटे श्रमिकों के सामने फिर रोजगार का संकट खड़ा होने लगा है. यही वजह है कि दिल्ली सहित तमाम बड़े राज्यों से श्रमिक फिर अपने गृह राज्यों की ओर पलायन करने लगे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments