1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार, यूपी पुलिस ने बिहार से दबोचा
सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार, यूपी पुलिस ने बिहार से दबोचा

सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार, यूपी पुलिस ने बिहार से दबोचा

0
Social Share

लखनऊ, 31 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माँ पर टिप्पणी करने वाले विवादित मौलाना अब्दुल्ला सलीम को उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र के दलमालपुर गांव में छापेमारी कर हिरासत में लिया है। एसटीएफ उसे लेकर यूपी आ रही है। इस बाबत एसटीएफ के अधिकारियों का कहना है कि उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया है, बल्कि एक मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। मौलाना अब्दुल्ला सलीम मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत महलगांव का निवासी है।

उस पर आरोप है कि उसने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे और अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बलरामपुर, बहराइच समेत कई जिलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हैं। इनमें धार्मिक भावनाएं आहत करने, समाज में वैमनस्य फैलाने और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि अब तक उसके खिलाफ 80 से अधिक मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश एसटीएफ को उसकी गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। टीम लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में सटीक सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने बिहार के दलमालपुर गांव में कार्रवाई कर उसे अपने कब्जे में लिया। सूत्रों के मुताबिक, मौलाना इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी लगातार विवादित टिप्पणियां कर रहा था, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी।

फिलहाल उसे उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पूरे मामले की जड़ एक वायरल वीडियो को माना जा रहा है। मार्च की शुरुआत में एक धार्मिक सभा के दौरान मौलाना ने गौकशी कानूनों और उससे जुड़े मुद्दों पर टिप्पणी की थी। इसी दौरान उसने मुख्यमंत्री की माँ पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code