कनाडा चुनाव 2025 : मार्क कार्नी की लिबरल पार्टी ने हासिल किया बहुमत, पीएम मोदी ने दी बधाई

ओटावा, 29 अप्रैल। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की अगुआई वाली लिबरल पार्टी ने देश के संघीय चुनाव में बहुमत हासिल कर लिया है। ‘कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन’ ने मतगणना के शुरुआती रुझान आने के बाद यह दावा किया। देखा जाए तो अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कनाडा के अमेरिका में विलय की धमकियों और व्यापार युद्ध ने लिबरल पार्टी की इस जीत में अहम भूमिका निभाई।

देश के राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक ‘कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन’ ने शुरुआती रुझानों के आधार पर अनुमान जताया कि लिबरल पार्टी संसद की 343 सीटों में से कंजर्वेटिव पार्टी से ज्यादा सीट जीतेगी। हालांकि यह अब तक स्पष्ट नहीं है कि लिबरल पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलेगा या नहीं।

चुनावी विश्लेषकों के अनुसार, शुरुआत में कनाडा में माहौल लिबरल पार्टी के समर्थन में नहीं दिख रहा था, लेकिन ट्रंप ने कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की कई बार बात की और उसके तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को कनाडा का गवर्नर संबोधित किया।

ट्रंप ने कनाडा पर जवाबी शुल्क भी लगाए। उनके इन कदमों से कनाडा की जनता में आक्रोश बढ़ गया और राष्ट्रवाद की भावना प्रबल होने के कारण लिबरल पार्टी को जीत हासिल करने में मदद मिली।

पीएम मोदी ने मार्क कार्नी को दी बधाई

इस बीच प्रधानमंत्री ने कनाडा के आम चुनाव में जीत पर मार्क कार्नी को बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘@MarkJCarney, कनाडा के प्रधानमंत्री के रूप में आपके चुनाव और लिबरल पार्टी को उसकी जीत पर बधाई। भारत और कनाडा साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और लोगों के बीच जीवंत संबंधों से बंधे हैं। मैं हमारी साझेदारी को मजबूत करने और हमारे लोगों के लिए अधिक से अधिक अवसरों को खोलने के लिए आपके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।’

मार्क कार्नी की बात करें तो 1694 में अपनी स्थापना के बाद से वह बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर के रूप में सेवा करने वाले पहले गैर-ब्रिटिश और कनाडा के केंद्रीय बैंक के पूर्व प्रमुख, जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के बाद जनवरी में कनाडा के अगले प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में शामिल हुए। राजनीति में अपने कम समय के बावजूद कार्नी ने लगातार ऐसे उम्मीदवार के रूप में अपनी छाप छोड़ी, जिस पर मतदाताओं को ट्रम्प द्वारा पेश की गई चुनौतियों से निबटने के लिए सबसे अधिक भरोसा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular