1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. राकेश टिकैत सहित कई किसान नेता भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल, राहुल गांधी के साथ खेती-किसानी पर की चर्चा
राकेश टिकैत सहित कई किसान नेता भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल, राहुल गांधी के साथ खेती-किसानी पर की चर्चा

राकेश टिकैत सहित कई किसान नेता भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल, राहुल गांधी के साथ खेती-किसानी पर की चर्चा

0
Social Share

चंडीगढ़, 9 जनवरी। किसान नेता राकेश टिकैत ने सोमवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया। यह यात्रा दूसरे चरण में हरियाणा के कुरुक्षेत्र से होकर गुजर रही है। राकेश टिकैत के अलावा युद्धवीर सिंह, योगेंद्र यादव और पंजाब के किसान नेताओं ने खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राहुल गांधी के साथ करीब एक घंटा चर्चा की। इसके साथ ही दिल्ली बॉर्डर पर एक वर्ष तक चले किसान आंदोलन को लेकर भी बात हुई। इस दौरान राहुल ने जानने की कोशिश की कि आखिर इतना बड़ा आंदोलन कैसे चला।

भारत जोड़ा यात्रा सुबह खानपुर कोलियां से शुरू हुई। इसके बाद दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर त्योडा में सरदार जी ढाबा पर टी-ब्रेक के लिए रुकी। यहां करीब 40 मिनट तक राहुल गांधी ने चाय-नाश्ते के साथ महिलाओं से चर्चा की। इसके बाद शाहबाद के रेस्ट हाउस में मॉर्निंग ब्रेक के बाद उन्होंने किसान नेताओं से चर्चा की।

दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर लगा भारी जाम

टी ब्रेक के बाद यात्रा गांव पट्टी बोरीपुर से शुरू हुई, जिसमें राकेश टिकैत समेत कई किसान नेता भी राहुल गांधी के साथ पैदल चले। यात्रा की वजह से दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर भारी जाम भी लगा रहा।

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा ने रविवार को करनाल से कुरुक्षेत्र जिले में प्रवेश किया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। पूर्व सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर और रक्षा सेवाओं के कई सेवानिवृत्त शीर्ष अधिकारी वहां यात्रा में शामिल हुए थे।

यात्रा के हरियाणा चरण के दौरान राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। कुरुक्षेत्र जिले में यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पैदल मार्च शाम को अंबाला जिले में प्रवेश करेगा।

30 जनवरी को खत्म होगी यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा गत वर्ष सात सितम्बर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और इसी माह 30 जनवरी को श्रीनगर पहुंचने पर राहुल गांधी के वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ यात्रा समाप्त हो जाएगी। लगभग साढ़े तीन हजार किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजर चुकी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code