घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1248 अंक लुढ़का, निफ्टी में 384 अंक कमजोर

मुंबई, 24 सितम्बर। वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल में वृद्धि व कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेज उछाल के कारण भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को धड़ाम नजर आया और पूरे कारोबारी सत्र में बिकवाली के बीच दोनों बेंचमार्क इंडेक्स 1.60 फीसदी से भी बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 1,248 अंकों की लड़खड़ाहट से जहां 73500 के करीब जा फिसला वहीं एनएसई निफ्टी 384 अंकों के नुकसान में रहा। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल के दाम में तेजी के साथ वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और बैंक शेयरों में बिकवाली से बाजार धारणा कमजोर हुई।

सेंसेक्स 1.67 प्रतिशत टूटकर 73,580.54 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,247.71 अंक यानी 1.67 प्रतिशत टूटकर 73,580.54 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर लाल निशान पर रहे और एक का भाव अपरिवर्तित रहा।

निफ्टी 1.64 प्रतिशत लुढ़क कर 23,063.10 अंक पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 383.70 अंक यानी 1.64 प्रतिशत लुढ़क कर 23,063.10 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में दो के शेयर लाभ में रहे तो 48 में गिरावट दर्ज की गई।

बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक 5.47% नुकसान

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस का स्टॉक सबसे अधिक 5.47 प्रतिशत के नुकसान में रहा। एक्सिस बैंक में 4.67 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व में 4.06 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन में 2.78 प्रतिशत, ट्रेंट में 2.75 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.31 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी का शेयर अपरिवर्तित रहा।

इस बीच, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लि. का शेयर गुरुवार को अपने पहले कारोबारी दिन में करीब दो प्रतिशत बढ़कर 1,818 रुपये पर बंद हुआ। इसके साथ एनएसई का बाजार मूल्यांकन 4.49 लाख करोड़ रुपये रहा।

ब्रेंट क्रूड एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड एक बार फिर 100 डॉलर के पार चला गया और 2.36 प्रतिशत चढ़कर 105.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,617.45 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular