महाराष्ट्र पुलिस ने शिवसेना (UBT) के 6 बागी सांसदों को उपलब्ध कराई Y-प्लस सुरक्षा
मुंबई, 18 जून। महाराष्ट्र पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी कि उसने शिवसेना (UBT) के उन छह बागी सांसदों को Y-प्लस सुरक्षा उपलब्ध कराई है, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। बागी सांसदों को यह बढ़ी हुई सुरक्षा ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत दी गई है।
दिल्ली में पार्टी ने बुलाई बैठक, नहीं पहुंचे बागी सांसद
इस बीच सांसदों के लापता होने की अटकलों के बाद शिवसेना (UBT) नेतृत्व ने आज राष्ट्रीय राजधानी में संसदीय दल की बैठक बुलाई थी। हालांकि, बैठक में कम सांसदों के पहुंचने के बाद, शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता संजय राउत और सांसद अरविंद सावंत ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

अनुपस्थित सांसदों को आसानी से नहीं छोड़ा जाएगा – संजय राउत
संजय राउत ने मीटिंग में शामिल न होने वाले सदस्यों पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें आसानी से नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘जो सांसद इसमें शामिल नहीं हुए, उन्होंने पार्टी ह्विप का उल्लंघन किया है। इसलिए, उनके खिलाफ काररवाई शुरू कर दी गई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजी जाएगी और उनसे जवाब मांगा जाएगा।’
राउत ने अनुपस्थित सांसदों के लिए फिर किया अपशब्दों का प्रयोग
वहीं समाचार एजेंसी एएनआई के शेयर किए गए एक वीडियो में राउत ने मीडिया को संबोधित करते हुए एक बार फिर उन सांसदों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जो मीटिंग में शामिल नहीं हुए थे। इसके अलावा राउत ने साफ किया कि पार्टी उन सदस्यों की सदस्यता रद करने पर विचार कर रही है, जो बैठक में शामिल नहीं हुए।
गैरहाजिर सांसदों की सदस्यता रद करने पर भी विचार कर रही पार्टी
उन्होंने यह भी कहा, ‘जब हम कल स्पीकर से मिले तो उसकी एक तस्वीर सार्वजनिक हुई। यदि बाकी छह सांसद स्पीकर से मिले हैं, तो उसकी तस्वीर दिखाएं… इसे रणनीति नहीं, बल्कि धोखा कहा जाता है। वे अब भी हमारी पार्टी के सदस्य हैं और हमारे चुनाव चिह्न पर जीते हैं। यदि उन्होंने पार्टी ह्विप का उल्लंघन किया है तो उन्हें कानूनी काररवाई का सामना करना पड़ेगा।’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राउत ने भाजपा पर भी निशाना साधा और सत्ताधारी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि उसने देश की राजनीति को, खासकर महाराष्ट्र में, गंदा कर दिया है। इस पार्टी को अपने इन कामों की कीमत चुकानी पड़ेगी।
गैर-मौजूद सांसदों ने पार्टी के साथ धोखा किया – अरविंद सावंत
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद शिवसेना UBT के सांसद अरविंद सावंत ने मीटिंग में अनुपस्थित सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के बारे में कहा, ‘गैर-मौजूद सांसदों ने पार्टी के साथ धोखा किया है। हम उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने जा रहे हैं। उन्हें शाम तक नोटिस मिल जाएगी। अगर वे नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर जवाब नहीं देते हैं तो आगे की काररवाई की जाएगी। हम इन सांसदों के बारे में स्पीकर को भी पत्र लिखेंगे।’
