1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. यूपी : संभल में मदरसे पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने कहा- आसपास के 8 से 10 मकान भी अवैध
यूपी : संभल में मदरसे पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने कहा- आसपास के 8 से 10 मकान भी अवैध

यूपी : संभल में मदरसे पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने कहा- आसपास के 8 से 10 मकान भी अवैध

0
Social Share

संभल, 12 फरवरी। लगभग 15 माह पहले स्थानीय शाही जामा मस्जिद परिसर के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा झेल चुके संभल जिले में गुरुवार को फिर अफरातफरी का माहौल दिखा। लेकिन जिले की नगर पंचायत नरौली में प्रशासन ने बड़ी काररवाई के तहत अवैध कब्जे वाली 285 वर्ग मीटर जमीन पर निर्मित दारुल उलूम मदरसे को बुलडोजर लगाकर गिरा दिया।

अवैध कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन के बुलडोजर एक्शन से पहले ही मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मदरसे को खाली करना शुरू कर दिया था। इससे इलाके में सुबह से ही अफरातफरी का माहौल बना रहा।

अवैध कब्जे वाली जमीन पर मदरसे के साथ 8-10 मकान भी निर्मित पाए गए

दरअसल, यह मामला तहसील चंदौसी के थाना बनियाठेर क्षेत्र के नरौली कस्बे के मोहल्ला बंजारी कुंआ का है। प्रशासन के अनुसार गाटा संख्या 1635 और 1636 पर, जो राजस्व अभिलेखों में खाद के गड्ढे और सार्वजनिक रास्ते की भूमि के रूप में दर्ज है, मदरसे के साथ आठ से 10 मकान भी निर्मित पाए गए। इन्हें अवैध निर्माण मानते हुए काररवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पिछली घटना से सबक लेते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क

पिछली घटना से सबक लेते हुए अवैध कब्जे के खिलाफ काररवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर एसडीएम चंदौसी आशुतोष तिवारी, नायब तहसीलदार सतेंद्र चाहर और सीओ चंदौसी मनोज कुमार सिंह खुद मौजूद रहे। पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी को भी तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

दो बार नोटिस जारी करने के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया

उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी ने बताया कि संबंधित भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ धारा 67 के तहत काररवाई की गई थी। कब्जाधारियों को दो बार नोटिस जारी कर पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन निर्माण नहीं हटाया गया। इसी क्रम में अब दारुल उलूम मदरसे पर एक्जीक्यूशन की काररवाई की जा रही है।

नरौली पंचायत चेयरमैन बोले – कोई सूचना या नोटिस नहीं मिली

वहीं दूसरी ओर नरौली पंचायत के चेयरमैन बिट्टन मलिक ने प्रशासनिक काररवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई सूचना या नोटिस नहीं मिली। उन्होंने इसे धार्मिक स्थल करार देते हुए कहा कि मदरसा करीब 300 गज में बना हुआ है और यह इस्लामिक शिक्षण स्थल है। फिलहाल प्रशासन की सख्ती और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच काररवाई जारी है। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code