1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : लगातार दूसरे दिन 30 हजार से कम नए केस, सक्रिय मामलों में बड़ी गिरावट
भारत में कोरोना संकट : लगातार दूसरे दिन 30 हजार से कम नए केस, सक्रिय मामलों में बड़ी गिरावट

भारत में कोरोना संकट : लगातार दूसरे दिन 30 हजार से कम नए केस, सक्रिय मामलों में बड़ी गिरावट

0
Social Share

नई दिल्ली, 13 सितम्बर। कोरोना से लड़ाई के बीच अभी पक्के तौर पर यह तो नहीं कहा जा सकता कि संक्रमण का फैलाव सिमट रहा है, फिरभी पिछले चार दिनों से नए संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी दिखाई पड़ रही है और रविवार को लगातार दूसरे दिन 30 हजार से कम 27,254 नए मामले सामने आए। इसके सापेक्ष 37,687 लोग स्वस्थ घोषित किए गए तो 219 लोगों की मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रिकवरी रेट 97.54%, एक्टिव दर 1.13 फीसदी

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 3.32 करोड़ से ज्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि रिकवरी दर पिछले कुछ दिनों से लगातार सुधार के साथ 97.54 फीसदी तक जा पहुंची है। इस क्रम में अब तक 3.24 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि इस दौरान 1.33 फीसदी की दर से 4.42 लाख से अधिक जानें भी जा चुकी हैं।

बीते 24 घंटे के दौरान एक्टिव रेट में भी 0.03 फीसदी की गिरावट रही। इस दौरान 10,652 एक्टिव केस कम हुए और रविवार को देश में कुल 3,74,269 मरीज इलाजरत थे। साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर वर्तमान में 2.11 प्रतिशत है, पिछले 80 दिनों से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है जबकि मौजूदा दैनिक पॉजिटिविटी दर 2.26 प्रतिशत है, जो पिछले 14 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है।

केरल में अब भी लगभग 2.29 लाख इलाजरत मरीज

दक्षिणी राज्य केरल में भी संक्रमण का बिखराव तनिक कम होता प्रतीत हो रहा है। इस क्रम में रविवार को 20,240 नए केस दिखे तो 67 मरीजों की मौत हुई और 29,710 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। एक्टिव केस में भी 9,537 की बड़ी गिरावट देखने को मिली। इसके बावजूद 12 सितम्बर तक राज्य में इलाजरत मरीजों की संख्या 2,22,815 थी। बीते 24 घंटे के दौरान कुल सात राज्यों में मामूली रूप से एक्टिव केस बढ़े। इनमें अधिकतम 74 की दैनिक वृद्धि तमिलनाडु में दर्ज की गई।

वैक्सीन ले चुके लोगों की संख्या 74 करोड़ के पार

इस बीच टीकाकरण अभियान के तहत 240 दिनों में 74.38 करोड़ से ज्यादा लोग इसका लाभ ले चुके हैं। इनमें रविवार को वैक्सीन लगवाने वाले 53.39 लाख लोग भी शामिल हैं। दूसरी तरफ रविवार को 12 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही 12 सितम्बर तक कुल 54.30 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 27,254

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 37,687

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 219

अब तक कुल संक्रमित : 3,32,64,175

अब तक कुल स्वस्थ : 3,24,47,032

रिकवरी दर : 97.54%

अब तक कुल मौतें : 4,42,874

मृत्यु दर : 1.33%

इलाजरत मरीज : 3,74,269 (दैनिक गिरावट 10,652)

सक्रियता दर : 1.13%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 53,38,945

240 दिनों में कुल टीकाकरण : 74,38,37,643

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 12,08,247

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 54,30,14,076.

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code