1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. बिहार : कार्तिकेय सिंह से छिना कानून मंत्रालय, अपहरण केस का विवाद पड़ा भारी
बिहार : कार्तिकेय सिंह से छिना कानून मंत्रालय, अपहरण केस का विवाद पड़ा भारी

बिहार : कार्तिकेय सिंह से छिना कानून मंत्रालय, अपहरण केस का विवाद पड़ा भारी

0
Social Share

पटना, 31 अगस्त। बिहार में अपहरण के एक पुराने मामले में आरोपित कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रालय वापस ले लिया है। बाहुबली अनंत सिंह के करीबी माने जाने वाले कार्तिकेय सिंह को अब गन्ना उद्योग विभाग का मंत्री बनाया गया है।

कार्तिकेय अब गन्ना उद्योग मंत्री, शमीम अहमद को सौंपा गया कानून विभाग का प्रभार

गौरतलब है कि राजद एमएलसी कार्तिकेय सिंह को लेकर भाजपा पहले दिन से ही हमलावर थी। हालांकि कार्तिकेय के मंत्री पद पर कोई आंच नहीं आई है। सिर्फ उनके विभाग में बदलाव किया गया है। अब वह गन्ना उद्योग मंत्रालय संभालेंगे। अब तक गन्ना उद्योग मंत्री रहे शमीम अहमद को कानून विभाग का प्रभार सौंप दिया गया है। इस बाबत आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

शपथ ग्रहण के दिन ही कार्तिकेय को लेकर उठ खड़ा हुआ था विवाद

उल्लेखनीय है कि भाजपा का साथ छोड़कर नीतीश कुमार ने राजद के साथ बिहार में नई सरकार बनाई थी, जिसका पहला कैबिनेट विस्तार 16 अगस्त को हुआ था। इस दौरान राजद कोटे से मंत्री बनने वाले कार्तिकेय सिंह के शपथ को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। वजह, मोकामा के रहने वाले और पेशे से शिक्षक कार्तिकेय सिंह को अपहरण के एक मामले में 16 अगस्त को ही अदालत में आत्मसमर्पण करना था, लेकिन वह नई सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेते देखे गए।

कार्तिकेय सिंह और 17 अन्य के खिलाफ अपहरण का मामला साल 2014 में पटना के बिहटा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। कार्तिकेय सिंह पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यापारी को अगवा किया था। व्यापारी अपहरण मामले में कार्तिकेय सिंह के साथ अनंत सिंह भी सह आरोपी भी हैं।

कार्तिकेय को लेकर दवाब में थे सीएम नीतीश कुमार

कार्तिकेय सिंह को लेकर नीतीश कुमार पर राजद और तेजस्वी यादव के सामने आत्मसमर्पण करने के भी आरोप लगे। कहा गया कि राजद के साथ गठबंधन में नीतीश कुमार के हाथ में कोई ताकत नहीं है। सारे फैसले लालू यादव और तेजस्वी कर रहे हैं। अब इस फैसले को नीतीश कुमार के एक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है कि अब भी फैसले लेने की शक्ति मुख्यमंत्री के हाथ में ही है।

कृषि मंत्री सुधाकर सिंह भी चावल आरोपों में घिरे हैं

बिहार सरकार के एक और मंत्री सुधाकर सिंह पर भी 2013 में करोड़ों रुपये के चावल का गबन करने का आरोप लगा है। सुधाकर सिंह फिलहाल कृषि मंत्री भी हैं। हालांकि, सुधाकर सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है। बक्सर की रामगढ़ सीट से विधायक सुधाकर सिंह भी राजद कोटे से मंत्री हैं। वह राजद के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code