1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. लालू प्रसाद यादव लगातार 12वीं बार राजद के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, जातीय जनगणना का प्रस्ताव भी पास
लालू प्रसाद यादव लगातार 12वीं बार राजद के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, जातीय जनगणना का प्रस्ताव भी पास

लालू प्रसाद यादव लगातार 12वीं बार राजद के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, जातीय जनगणना का प्रस्ताव भी पास

0
Social Share

नई दिल्ली/पटना, 9 अक्टूबर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को लगातार 12वीं बार निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एनडीएमसी स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में इस आशय की विधिवत घोषणा की गई।

वैसे लालू प्रसाद ने गत 28 सितम्बर को ही पार्टी अध्यक्ष के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। कोई और नामांकन पत्र न होने की वजह से उनको निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था। फिलहाल उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की विधिवत घोषणा रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में की गई और आज ही उनको निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया।

1997 में राजद की स्थापना के बाद से ही लालू अध्यक्ष हैं

गौरतलब है कि 1997 में जनता दल से अलग होने के बाद लालू प्रसाद यादव पहली बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे। उसके बाद से वह लगातार निर्विरोध पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जा रहे हैं। यहां तक कि चारा घोटाले में जब लालू प्रसाद को सजा मिली थी तो भी वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए गए थे।

इस बीच राजद के राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है, जिसमें इस अधिवेशन में रखे जाने वाले प्रस्ताव पर चर्चा की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यकारिणी में कई प्रस्ताव पास हुए, जिसमें जातीय जनगणना संबंधित प्रस्ताव भी शामिल है।

जगदानंद पार्टी अधिवेशन में नहीं पहुंचे

सबसे खास बात यह है कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह तक नहीं पहुंचे जबकि लालू प्रसाद के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और बिहार सरकार में मंत्री तेज प्रताप यादव के साथ अन्य सभी वरिष्ठ पार्टी के नेता, मंत्री उपस्थित हैं।

राष्ट्रीय अधिवेशन में अपने पिता जगदानंद सिंह के नहीं आने के बारे में पूछे जाने पर पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने कहा कि वह पार्टी के बहुत छोटे कार्यकर्ता हैं, प्रदेश अध्यक्ष के नहीं आने के बारे में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ही बताएंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें किसी से कोई नाराजगी नहीं है, उनके नेता लालू प्रसाद हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code