1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ऑल इंग्लैंड ओपन : लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में, मिश्रित युगल में ध्रुव-तनीषा परास्त
ऑल इंग्लैंड ओपन : लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में, मिश्रित युगल में ध्रुव-तनीषा परास्त

ऑल इंग्लैंड ओपन : लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में, मिश्रित युगल में ध्रुव-तनीषा परास्त

0
Social Share

बर्मिंघम, 5 मार्च। भारत के शीर्षस्थ पुरुष शटलर लक्ष्य सेन ने गुरुवार को यहां प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फिलहाल लक्ष्य के रूप में अब प्रतियोगिता में इकलौती भारतीय चुनौती बची है क्योंकि ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी को पराजय झेलनी पड़ी।

हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस को तीन गेमों के संघर्ष में शिकस्त दी

विश्व रैंकिंग में 12वें नंबर पर काबिज 24 वर्षीय लक्ष्य ने युटिलिटा एरेना के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस को एक घंटा 21 मिनट की कश्मकश के बाद 21-19, 21-23, 21-10 से पराजित किया।

सेन अब छठी सीड चीनी स्टार ली शी फेंग को देंगे चुनौती

इस टूर्नामेंट के 2022 सत्र के उप विजेता रह चुके लक्ष्य अब क्वार्टर फाइनल में चीन के छठी वरीयता प्राप्त ली शी फेंग को चुनौती देंगे, जिन्होंने कोर्ट नंबर तीन पर आयरलैंड के न्हात गुयेन को एक घंटा 19 मिनट तक खिंचे संघर्ष में 17-21, 21-12, 21-11 से मात दी।

पहले गेम में पिछड़ने के बाद लक्ष्य की शानदार वापसी

विश्व चैम्पियनशिप (2021) के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य इससे पहले लोंग के खिलाफ खेले तीनों मैचों में हार का सामना कर चुके थे। वह पहले गेम की शुरुआत में 4-6 से पीछे चल रहे थे। उन्होंने हालांकि शानदार वापसी करते हुए 15-11 की बढ़त बना ली और आक्रामक रिटर्न तथा सटीक प्लेसमेंट से दबाव बनाए रखा।

लक्ष्य ने सटीक ओवरहेड शॉट से स्कोर 17-13 कर दिया, लेकिन शीर्ष 10 रैंकिंग में रह चुके लोंग ने जोरदार जवाब देते हुए अंतर कम कर लिया। 19-19 की बराबरी के बाद लक्ष्य ने एक और दमदार स्मैश से गेम प्वॉइंट हासिल किया और प्रतिद्वंद्वी का शॉट बाहर जाने पर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में 3 गेम प्वॉइंट गंवाने के बाद हारे सेन

लक्ष्य ने दूसरे गेम में क्रॉस-कोर्ट स्मैश के साथ शानदार शुरुआत की और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली। उन्होंने ताकत और सटीकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए स्कोर 14-7 कर दिया। हालांकि भारतीय शटलर को इसके बाद लय बनाए रखने में परेशानी हुई और लोंग ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार पांच अंक जीतकर स्कोर 19-17 तक पहुंचा दिया। लक्ष्य के पास तीन मैच प्वॉइंट आए, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सके। हांगकांग के खिलाड़ी ने 20-20 की बराबरी कर गेम प्वाइंट हासिल किया और लक्ष्य के नेट में शॉट मारने के साथ मैच को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

तीसरे गेम में अपना दमखम जारी नहीं रख सके लोंग

फिलहाल कभी टॉप 10 रैंकिंग में रहे लोंग तीसरे गेम में अपना दमखम जारी नहीं रख सके। लक्ष्य ने इस दौरान शानदार मानसिक मजबूती दिखाई। उन्होंने तेज और आक्रामक खेल के दम पर 6-2 की बढ़त बना ली। उनके मजबूत डिफेंस के सामने लोंग लगातार अंक बनाने में संघर्ष करते दिखे।

भारतीय खिलाड़ी ने क्रॉस-कोर्ट शॉट से स्कोर 10-4 कर दिया और फिर अपने दबदबे को बढ़ाते हुए स्कोर 18-7 तक पहुंचा दिया। एनजी का लोंग ने वापसी की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य की शानदार रक्षात्मक क्षमता और फुर्ती के आगे वह सफल नहीं हो सके। लक्ष्य ने कई मैच प्वॉइंट हासिल किए और हांगकांग के खिलाड़ी का एक और शॉट बाहर जाने के साथ मुकाबला अपने नाम कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की जोड़ी मैच के बीच में हटी

उधर कोर्ट नंबर दो पर खेले गए मिश्रित युगल के पूर्व क्वार्टर फाइनल में ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की जोड़ी हांगकांग के तांग चुन मान व सी यिंग सुए के खिलाफ 19-21, 8-9 से पीछे थी, तभी चोट के चलते उसने कोर्ट छोड़ने का फैसला किया।

सात्विकसाईराज व चिराग की सीडेड जोड़ी पहले ही दौर में हारी

इसके पूर्व बुधवार को सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की ख्यातिनाम भारतीय जोड़ी को पुरुष युगल के पहले दौर में स्तब्धकारी हार झेलनी पड़ी थी। मलेशियाई कांक खाई जिंग व आरोन तई ने चतुर्थ वरीय सात्विक व चिराग को 42 मिनट में 23-21, 21-12 से शिकस्त दी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code