खड़गे का दावा – राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में माहौल, इस बार रिवाज बदलेगा

नई दिल्ली, 23 नवम्बर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन गुरुवार को दावा किया कि अशोक गहलोत सरकार की कल्याकारी योजनाओं एवं पार्टी की सात ‘गारंटी’ के चलते प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है तथा हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज इस बार बदलेगा।

राजस्थान में आज शाम चुनाव प्रचार थम गया। प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों के लिए आगामी 25 नवम्बर को मतदान होगा। मतगणना तीन दिसम्बर को होगी। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राजस्थान के चुनाव प्रचार का आज आख़री दिन है। वीरों और रणबांकुरों की पावन धरती राजस्थान ने हमारी जन-कल्याणकारी योजनाओं को स्वीकारा है। कांग्रेस पार्टी की 7 गारंटी पर अपना भरोसा जताने के लिए एक करोड़ से भी ज़्यादा परिवारों को धन्यवाद। पूरे राज्य में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में माहौल है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया,‘‘भाजपा हमारे सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तिकरण और बचत एवं राहत की योजनाओं से घबरा गई है। प्रधानमंत्री मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह खोखली, बेतुकी,अनर्गल और विभाजनकारी बातों में व्यस्त है, उनको कांग्रेस पार्टी की सात गारंटी रास नहीं आ रही हैं। इस बार जनता उनके झूठ, बहकावे और नफ़रत भरी बातों में नहीं आएगी। राजस्थान की जनता ने ये तय कर लिया है कि इस बार रिवाज बदलेगा, वे कांग्रेस पार्टी को पुनः अवसर देंगे।’’

RELATED ARTICLES

Most Popular