केजरीवाल का आरोप – सीबीआई व ईडी के छापे दिल्ली सरकार को गिराने के प्रयास थे, लेकिन ‘ऑपरेशन कमल’ विफल रहा

नई दिल्ली, 22 अगस्त। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ताजा दावे के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को भाजपा और केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) व प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे उनकी सरकार को गिराने का प्रयास थे, लेकिन दिल्ली में ‘ऑपरेशन कमल’ विफल साबित हुआ।

वहीं गुजरात के एक कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर से केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘उन्होंने मेरे स्वास्थ्य मंत्री (सत्येंद्र जैन) को झूठे मामले में गिरफ्तार कर लिया। वह पिछले दो महीने से जेल में हैं। अगर वह भ्रष्ट होते तो मैं उन्हें स्वयं निकाल देता लेकिन वह नहीं है। अब वे (केंद्र) मनीष सिसोदिया को जेल भेजना चाहते हैं। वे दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य के अच्छे कार्यों को रोकने के लिए ऐसा कर रहे हैं।’

मनीष सिसोदिया का दावा – ‘आप’ तोड़ने पर मुझे सीएम पद देने का ऑफर था

इससे पहले सिसोदिया ने दावा किया था कि भाजपा ने उन्हें आम आदमी पार्टी तोड़ने पर मुख्यमंत्री का पद देने की पेशकश की थी। सिसोदिया ने ट्वीट किया, “मेरे पास भाजपा का संदेश आया है – ‘आप’ छोड़ कर भाजपा में आ जाओ, आपके खिलाफ सीबीआई और ईडी के सारे मामले बंद करवा देंगे।”

सिसोदिया ने कहा, “भाजपा को मेरा जवाब है – मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं और राजपूत हूं। सिर कटा लूंगा, लेकिन भ्रष्टाचारियों, षडयंत्रकारियों के सामने नहीं झुकूंगा। मेरे खिलाफ सारे मामले झूठे हैं। जो करना है, कर लो।”

सिसोदिया के ट्वीट के जवाब में केजरीवाल ने कहा, “इसका मतलब सीबीआई-ईडी छापे का शराब नीति और भ्रष्टाचार से कोई लेना देना नहीं? ये छापे केवल दिल्ली में ‘आप’ की सरकार गिराने के लिए मारे गए।” इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया, ‘ऑपरेशन लोटस (कमल) दिल्ली में विफल रहा।’

RELATED ARTICLES

Most Popular