1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. न्यायमूर्ति सरस वेंकटनारायण भट्टी ने केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
न्यायमूर्ति सरस वेंकटनारायण भट्टी ने केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ

न्यायमूर्ति सरस वेंकटनारायण भट्टी ने केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ

0
Social Share

तिरुवनंतपुरम, 1 जून। न्यायमूर्ति सरस वेंकटनारायण भट्टी ने गुरुवार को केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज भवन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने यहां राज भवन के सभागार में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन, प्रदेश के मंत्रियों और केरल उच्च न्यायालय के कई न्यायाधीशों की मौजूदगी में न्यायमूर्ति भट्टी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

26 मई को केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किए जाने से पहले वह 24 अप्रैल से इस अदालत के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। 1962 में जन्मे न्यायमूर्ति भट्टी 1987 में आंध्र प्रदेश बार काउंसिल से जुड़े थे और हैदराबाद में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में वकालत शुरू की थी। 2013 में उन्हें आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई थी।

इसके बाद, वह हैदराबाद में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त किए गए और जून 2014 में पदभार संभाला था। राज्य के विभाजन के बाद 2019 में अमरावती में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थापना होने के बाद न्यायमूर्ति भट्टी को इस अदालत का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। बाद में 2019 में ही उन्हें केरल उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करते हुए वहां का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code