1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. जेडीयू महासचिव राजीव रंजन सिंह का दिल्ली में निधन, सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक
जेडीयू महासचिव राजीव रंजन सिंह का दिल्ली में निधन, सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक

जेडीयू महासचिव राजीव रंजन सिंह का दिल्ली में निधन, सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक

0
Social Share

पटना, 25 जुलाई। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन सिंह का गुरुवार की शाम निधन हो गया। इस्लामपुर से विधायक रह चुके राजीव रंजन पूर्व राज्यपाल सिद्धेश्वर प्रसाद के दामाद थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले वर्ष ही उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बनाया था।

जेडीयू नेता के परिवारिक सूत्रों ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद राजीव रंजन को आज ही शाम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

राजीव रंजन के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्लामपुर से विधायक रह चुके राजीव रंजन के निधन पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि राजीव रंजन एक कुशल राजनीतिज्ञ एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने गतात्मा की चिर शांति एवं उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। बिहार जेडीयू के अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री अशोक चौधरी ने भी संवेदना प्रकट की है।

स्पीकर नंद किशोर ने भी जताया शोक

विधानसभा स्पीकर नंद किशोर यादव ने भी राजीव रंजन के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि राजीव इस्लामपुर के शोषित और वंचित वर्ग की आवाज थे। इस दुख की घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति दे।

भाजपा में भी रह चुके थे राजीव रंजन सिंह

गौरतलब है कि राजीव रंजन 2010 में जेडीयू के टिकट पर इस्लामपुर से विधायक चुने गए थे। हालांकि वर्ष 2015 में भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता बनाया था। लेकिन वर्ष 2023 में वह एक बार फिर जेडीयू में शामिल हो गए और सीएम नीतीश ने उन्हें जल्द ही राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता की बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी थी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code