एशियाई एथलेटिक्स : भाला प्रक्षेपक सचिन यादव ने जीता रजत, अनिमेष कुजूर ने तोड़ा अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड

गुमी (दक्षिण कोरिया), 31 मई। उभरते भाला प्रक्षेपक सचिन यादव की अगुआई में भारत ने यहां 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के अंतिम दिन शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते तीन रजत सहित छह पदक जीते। इनमें सचिन व महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में पारुल चौधरी के अलावा चार गुणा 100 मीटर महिला रिले में रजत पदक हाथ लगे।

अंतिम दिन भारतीय एथलीटों ने जीते 3 रजत सहित 6 पदक

वहीं अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए हुए कांस्य पदक जीता। कुजूर के अलावा महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विथ्या रामराज व 800 मीटर दौड़ में पूजा तीसरे तीसरे स्थान पर रहीं।

भारत ने कुल 8 स्वर्ण व 10 रजत सहित 24 पदक जीते

भारतीय दल ने पांच दिवसीय प्रतियोगिता में आठ स्वर्ण, 10 रजत व छह कांस्य सहित कुल 24 पदक जीते।  भारतीय दल ने पिछले सत्र में 27 पदक जीते थे और तब स्वर्ण पदकों की संख्या छह थी। इस बार दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी ध्वस्त किए गए। पारुल चौधरी ने तीन हजार मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीतने के क्रम में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था जबकि अंतिम दिन कुजूर ने 200 मीटर में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड सुधारा।

सचिन का निजी सर्वश्रेष्ठ थ्रो, ओलम्पिक विजेता नदीम से पीछे रहे

उत्तर प्रदेश में बागपत के निकट खेकड़ा गांव के एक किसान परिवार में जन्मे सचिन ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 85.16 मीटर तक भाला फेंका। वह मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन अरशद नदीम से पीछे रहे, जिन्होंने 86.40 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता।

25 वर्षीय यादव का इससे पहले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84.39 मीटर था। इस स्पर्धा में भाग ले रहे भारत के एक अन्य एथलीट यशवीर सिंह ने भी प्रभावित किया तथा 82.57 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया।

पारुल ने चैम्पियनशिप में जीता अपना दूसरा रजत

भारत को दिन का दूसरा रजत पारूल चौधरी ने दिलाया, जो महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में 15 मिनट 15.33 सेकेंड समय लेक कजाख धाविका नोरा जेरुटो तानुई (14:58.71) के पीछे रहीं। जापानी युमा यामामोटो (15:16.86) को कांस्य पदक मिला। चैम्पियनशिप में पारुल का यह दूसरा रजत पदक था। इसके पहले उन्होंने तीन हजार मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ दूसरा स्थान पाया था।

महिला 4 गुणा 100 मी. रिले टीम ने सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला

चैम्पियनशिप की अंतिम स्पर्धा यानी महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले में श्रावणी नंदा, अभिन्या राजाराजन, स्नेहा एसएस व नित्या गंधे की टीम रजत पदक लेकर ट्रैक से बाहर निकली। तीसरी लेन में भारतीय चौगड्डे ने 43.86 सेकेंड से सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकाला। चीनी महिलाओं ने 43.28 सेकेंड में बाजी मारी जबकि थाई टीम (44.26 सेकेंड) तीसरे स्थान पर रही।

कुजूर ने 200 मी. दौड़ में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

इससे पहले अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में 20.32 सेकेंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए कांस्य पदक जीता। 21 वर्षीय धावक ने 20.40 सेकेंड का अपना पिछला रिकॉर्ड बेहतर किया, जो उन्होंने इस वर्ष की शुरुआत में राष्ट्रीय फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में बनाया था। जापान के तोवा उजावा ने 20.12 सेकेंड स्वर्ण पदक जीता जबकि सऊदी अरब के अब्दुलअजीज अताफी (20.31 सेकेंड) दूसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की 400 मी. बाधा दौड़ में विथ्या तीसरे स्थान पर रहीं

वहीं महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में एशियाई खेलों की पदक विजेता विथ्या ने भारत को दिन का दूसरा कांस्य पदक दिलाया। तमिलनाडु की 26 वर्षीया एथलीट ने 56.46 सेकेंड का समय लेकर पोडियम स्थान हासिल किया।

चीन की मो जियादी ने 55.31 सेकेंड में स्वर्ण पदक जीता जबकि बहरीन की ओलुवाकेमी अडेकोया (55.32 सेकेंड) दूसरे स्थान पर रही। इस दौड़ में भाग लेने वाली दूसरी भारतीय धाविका अनु राघवन 57.46 सेकेंड का समय लेकर सातवें स्थान पर रहीं।

महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में पूजा को कांस्य पदक

भारत के नाम दिन का तीसरा कांस्य महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में रहा, जब पूजा दो मिनट 01.89 सेकेंड का समय निकालकर चीनी धाविका वू (2:00.08) और जापानी कुबो (2:00.42) के पीछे रहीं। भारत की एक अन्य धाविका ट्विंकल चौधरी चौथे स्थान पर रहीं।

हालांकि महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में ज्योति याराजी 23.47 सेकेंड के समय के साथ पांचवें जबकि नित्या गंधे 23.90 सेकेंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहीं। याराजी ने इस सप्ताह की शुरुआत में महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं वहीं पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में कृष्णन कुमार व अनु कुमार क्रमशः सातवें व आठवें स्थान पर पिछड़ गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular