आईटी व पीएसयू बैंकिंग सेक्टर ने शेयर बाजार को दिया सहारा, सेंसेक्स 326 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत
मुंबई, 20 मार्च। पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उफान के चलते 24 घंटे पूर्व भूचाल देखने वाले भारतीय शेयर बाजार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) व पीएसयू बैंकिंग सेक्टर ने सहारा दिया और कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 326 अंक लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी 112 अंक चढ़ा। बाजार में एक समय अच्छी बढ़त देखने को मिली, लेकिन ईंधन कीमतों में उछाल के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका के बीच दोनों मानक सूचकांकों ने बढ़त का बड़ा हिस्सा गंवा दिया।
सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत चढ़कर 74,532.96 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 325.72 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 74,532.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,079.15 अंक यानी 1.45 प्रतिशत उछलकर 75,286.39 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 21 के स्टॉक मजबूत रहे जबकि नौ में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 112.35 अंक बढ़कर 23,114.50 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 112.35 अंक यानी 0.49 प्रतिशत बढ़कर 23,114.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 343 अंक यानी 1.49 प्रतिशत चढ़कर 23,345.15 तक पहुंच गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 35 के शेयर हरे निशान पर ठहरे और 15 में कमजोरी रही। व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.97 प्रतिशत चढ़ा, जबकि छोटी कम्पनियों के स्मॉलकैप में 0.32 प्रतिशत की गिरावट आई।
क्षेत्रवार सूचकांकों पर एक नजर
क्षेत्रवार सूचकांकों (सेक्टोरल इंडेक्स) की बात करें तो बीएसई सार्वजनिक क्षेत्र बैंक सूचकांक 2.19 प्रतिशत उछला। इसके अलावा ‘फोकस्ड’ सूचना प्रौद्योगिकी सूचकांक 2.18 प्रतिशत, सूचना प्रौद्योगिकी 2.08 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवा 1.45 प्रतिशत, धातु 1.41 प्रतिशत और ऊर्जा सूचकांक 1.03 प्रतिशत चढ़े। हालांकि, वित्तीय सेवाएं, निजी बैंक, बीएसई के 10 प्रमुख बैंक, रियल एस्टेट क्षेत्र और छोटे व मझोले निजी बैंकों से जुड़ा सूचकांक कमजोर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों में रहे।
टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 000 प्रतिशत चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 000 प्रतिशत चढ़े। उसके अलावा टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाइटन, एनटीपीसी और सन फार्मा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचडीएफसी बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।
एफआईआई ने 7,558.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 7,558.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,863.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। उधर वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.88 प्रतिशत बढ़कर 110.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
