ईरानी IRGC ने ठुकराई ट्रंप की सीज़फायर की शर्त, कहा- ‘दुश्मनों के लिए नहीं खोला जाएगा’ होर्मुज जलडमरूमध्य
तेहरान, 1 अप्रैल। ईरान की शीर्ष मिलिट्री यूनिट, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका की नई शर्तों को ठुकरा दिया है। उन्होंने होर्मुज पर अपना नियंत्रण होने का दावा किया और वॉशिंगटन की शर्तों पर इसे खोलने से इनकार कर दिया।
देखा जाए तो अमेरिका के नए दावों के बावजूद ईरान ने सीज़फायर की मांग करने से इनकार किया है और जोर देकर कहा है कि मौजूदा तनाव के बीच अमेरिका से कोई बातचीत नहीं चल रही है। IRGC ने एक तीखे बयान में कहा कि यह जलडमरूमध्य अमेरिकी राष्ट्रपति के बेतुके दिखावों की वजह से इस राष्ट्र के दुश्मनों के लिए नहीं खोला जाएगा। IRGC का यह बयान मौजूदा संघर्ष के बीच उसके कड़े रुख का संकेत देता है।
सरकारी टीवी पर प्रसारित एक बयान में गार्ड्स ने कहा, ‘होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति भी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना बलों के पूरी तरह और मजबूती से नियंत्रण में है। इसे इस राष्ट्र के दुश्मनों के लिए नहीं खोला जाएगा।’

IRGC का यह जवाब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के तुरंत बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान के नेतृत्व ने सीज़फायर की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा था कि इस पर विचार तभी किया जाएगा, जब होर्मुज जलडमरूमध्य ‘खुला, स्वतंत्र और साफ’ होगा।
ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ प्लेटफॉर्म पर लिखा, ‘ईरान के राष्ट्रपति ने अभी-अभी संयुक्त राज्य अमेरिका से सीज़फ़ायर की मांग की है! हम इस पर तभी विचार करेंगे, जब होर्मुज जलडमरूमध्य खुला, स्वतंत्र और साफ होगा। तब तक, हम ईरान को पूरी तरह से तबाह कर देंगे, या जैसा कि लोग कहते हैं – उसे ‘पाषाण युग’ में वापस भेज देंगे!!!’
BREAKING PRESIDENT TRUMP: 🇺🇸🇮🇷 Iran’s New Regime asked the United States of America for a CEASEFIRE!
We will consider when Hormuz Strait is open, free, and clear.
Until then, we are blasting Iran into oblivion or, as they say, back to the Stone Ages!!! President DJT pic.twitter.com/bhdzJY2eWj
— Donald J Trump Posts TruthSocial (@TruthTrumpPost) April 1, 2026
ट्रंप का आज रात राष्ट्र के नाम संबोधन होगा
युद्ध को लेकर कभी आक्रामक तो कभी सुलह वाले बयान देते रहे ट्रंप ने मंगलवार देर रात कहा कि लड़ाई ‘दो हफ्तों में, शायद तीन हफ्तों में’ खत्म हो सकती है। वहीं ह्वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप बुधवार रात 9.00 बजे (गुरुवार 0100 GMT) देश को ‘ईरान पर एक अहम अपडेट’ देंगे।
वहीं तेहरान ने जोर देकर कहा है कि कोई बातचीत नहीं चल रही है, और उसने युद्ध खत्म करने के लिए वॉशिंगटन की ओर से कथित तौर पर दिए गए 15-सूत्री प्रस्ताव पर कोई जवाब नहीं दिया है।
ईरानी राष्ट्रपति मसूद बोले- इस्लामिक गणराज्य के पास युद्ध खत्म करने की ‘जरूरी इच्छाशक्ति’ है
लेकिन ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि इस्लामिक गणराज्य के पास युद्ध खत्म करने की ‘जरूरी इच्छाशक्ति’ है, बशर्ते उसके दुश्मन इस बात की गारंटी दें कि युद्ध दोबारा नहीं भड़केगा। वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अल जजीरा को बताया कि उन्हें अब भी अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ से संदेश मिलते हैं – ‘सीधे तौर पर, जैसा कि पहले होता था – और इसका मतलब यह नहीं है कि हम बातचीत कर रहे हैं।’
