मकाऊ ओपन : सेमीफाइनल में अश्मिता चालिहा की हार के साथ ही भारतीय चुनौती खत्म

मकाऊ, 20 जून। युवा शटलर अश्मिता चालिहा शनिवार को यहां मकाऊ ओपन BWF विश्व टूर सुपर 300 के सेमीफाइनल में कोरियाई प्रतिद्वंद्वी पार्क गा यून से परास्त हो गईं। इसके साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समप्त हो गई।

BWF विश्व रैंकिंग में 63वें नंबर की 26 वर्षीया अश्मिता मकाऊ ईस्ट एशियन गेम्स डोम के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के पहले मैच में ज्यादा संघर्ष नहीं कर सकीं और पार्क यून ने उन्हें सिर्फ 38 मिनट में 21-17, 21-9 से हरा दिया।

चालू सत्र में चीन मास्टर्स और मलेशिया मास्टर्स में क्वार्टरफाइनल तक पहुंची अश्मिता ने पार्क के खिलाफ पहले गेम में अच्छी शुरुआत की और 15-11 की बढ़त भी बनाई थी, लेकिन इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने अगले 11 में से 10 अंक जीतकर गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में अश्मिता को अपनी लय पाने में संघर्ष करना पड़ा और पार्क ने सीधे गेमों में मैच जीत लिया।

वर्ष की शुरुआत में चोट के कारण लगभग तीन माह तक कोर्ट से दूर रहने वाली अश्मिता ने दो वर्षों से अधिक समय बाद वर्ल्ड टूर के किसी टूर्नामेंट के अंतिम चार में प्रवेश किया था। यह उनके करिअर का दूसरा सेमीफाइनल था। इसके पहले उन्होंने 2024 थाईलैंड मास्टर्स में सेमीफाइनल तक पहुंची थीं।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो अनमोल खरब को शुक्रवार को महिला एकल क्वार्टरफाइनल में चीन की चौथी वरीय खिलाड़ी हान चियानशी के खिलाफ 14-21, 21-15, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।

वहीं पुरुष एकल में भारत की चुनौती गुरुवार को समाप्त हो गई थी, जब तरुण मन्नेपल्ली और रौनक चौहान प्री-क्वार्टरफाइनल में हारे। मिश्रित युगल में ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा की जोड़ी भी अंतिम-16 मुकाबले में हारकर बाहर हो गई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular