बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : भारतीय पुरुष हॉकी टीम की सबसे बड़ी जीत, घाना पर ठोके 11 गोल

बर्मिंघम, 31 जुलाई। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को अपने अभियान की जबर्दस्त शुरुआत की और उप कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक के बीच पूल-बी के अपने पहले मैच में घाना को 11-0 से रौंद दिया।

राष्ट्रकुल खेलों के इतिहास में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2006 मेलबर्न खेलों में भारत ने त्रिनिडाड एंड टोबैगो को 10-1 से हराया था। वैसे राष्ट्रमंडल खेलों में ओवरऑल सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। उसने 2002 मैनचेस्टर खेलों में बारबेडोस को 20-1 से शिकस्त दी थी।

हरमनप्रीत ने हैट्रिक से अपने 150वें अंतरराष्ट्रीय मैच का जश्न मनाया

हाफ टाइम तक 5-0 की बढ़त हासिल कर चुके भारत के लिए आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे। इनमें हरनमप्रीत ने हैट्रिक जमाकर अपने 150वें अंतरराष्ट्रीय मैच का जश्न मनाया। उन्होंने अपने तीनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर क्रमशः 10वें, 35वें व 53वें मिनट में किए।

हरमनप्रीत के अलावा जुगराज सिंह ने दो गोल (22वां व 43वां मिनट) दागे जबकि अभिषेक (पहला मिनट, शॉर्ट कॉर्नर), शमशेर सिंह (14वां मिनट), आकाशदीप सिंह (20वां मिनट), नीलकांत शर्मा (38वां मिनट), वरुण कुमार (39वां मिनट) और मनदीप सिंह (48वां) ने एक-एक गोल किया। भारत ने कुल मिले 13 पेनाल्टी कॉर्नर में छह भुनाए।

कप्तान मनप्रीत सिंह के 300 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे

भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह का यह 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच था। भारत के ग्रुप में घाना के अलावा इंग्लैंड, वेल्स और कनाडा की टीमें हैं। भारत का अगला मैच सोमवार को मेजबान इंग्लैंड से होगा। इसके बाद 3 अगस्त को कनाडा और 4 को वेल्स से भारतीय टीम भिड़ेगी।

भारत राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक स्वर्ण पदक से दूर

राष्ट्रमंडल खेलों में पहला स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रयासरत भारत ने पिछले वर्ष टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद कांस्य पदक जीता था। इस बार टीम राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलियाई दबदबे को खत्म करना चाहती है, जिसने अब तक सभी छह स्वर्ण पदक जीते हैं।

गोल्ड कोस्ट में पदक से वंचित रह गई थी भारतीय टीम

गोल्ड कोस्ट 2018 में पदक पोडियम तक नहीं पहुंच सके भारत ने 2010 और 2014 में रजत पदक जीता था। पिछले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई निवासी मुख्य कोच ग्राहम रीड के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने अपने आप में काफी सुधार किया है।

इस बार भी भारत के सामने कड़ी चुनौती

हालांकि इस बार भी भारत को ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और कनाडा जैसे कड़े प्रतिद्वंद्वियों की चुनौती से पार पाना है। रविवार को भारतीय पुरुष टीम 1975 विश्व कप के बाद पहली बार घाना के खिलाफ खेल रही थी। पिछली बार भारत ने घाना को 7-0 से हराया था।

भारतीय महिलाओं की लगातार दूसरी जीत

इसके पूर्व दिन में भारतीय महिलाओं न वेल्स को 3-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और पांच टीमों के ग्रुप ए में शीर्ष पर जा पहुंची। पहले मैच में घाना को 5-0 से हराने वाली भारतीय टीम के लिए वंदना कटारिया ने 26वें व 48वें मिनट में दो गोल किए जबकि गुरजीत कौर ने 28वें मिनट में गोल कर टीम को आधे समय तक 2-0 की अग्रता दिलाई थी।

वेल्स के लिए जेना ह्यूजेस ने 45वें मिनट में एकतमात्र गोल किया। ग्रुप की अन्य दो टीमें इंग्लैंड और कनाडा हैं। भारत की अगली भि़ड़ंत इंग्लैंड से दो अगस्त को होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular