Homeहिन्दीखेलभारतीय कप्तान रोहित शर्मा बोले - 'मजबूत गेंदबाजी विकल्पों के साथ टीम...

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बोले – ‘मजबूत गेंदबाजी विकल्पों के साथ टीम तैयार कराने पर हमारा ध्यान केंद्रित’

चेन्नई, 22 सितम्बर। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में चौथे दिन रविवार को लंच से पहले ही 280 रनों की बड़ी जीत के बाद कहा कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में आने वाली चुनौतियों से निबटने के लिए वह ‘मजबूत गेंदबाजी विकल्पों’ के आसपास अपनी टीम तैयार करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया ने अनुभवी रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के हरफनमौला खेल के साथ शुभमन गिल और ऋषभ पंत की शतकीय पारियों के दम पर पांच सत्रों के शेष रहते शानदार जीत दर्ज की। रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘हम अपनी टीम को मजबूत गेंदबाजी विकल्पों के इर्द-गिर्द बनाना चाहते हैं, हमें किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।’

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि परिस्थितियां कैसी हैं, चाहे हम भारत में खेलें, चाहे हम बाहर खेलें, हम उसी के अनुरूप टीम बनाना चाहते हैं। पिछले कुछ वर्षों में हम जहां भी खेले हैं, हम अपने विकल्पों का अच्छे से इस्तेमाल करने में कामयाब रहे हैं। हम तेज गेंदबाजी या स्पिन दोनों विकल्पों को इस्तेमाल करने में सफल रहे हैं।’

बांग्लादेश की टीम जीत के लिए 515 रनों के असंभव से लक्ष्य का पीछा करते हुए 234 रनों पर आउट हो गई। पहली पारी में बल्ले से 113 रनों का अंशदान करने वाले अश्विन ने दूसरी पारी में 88 रन पर छह विकेट झटके।

रोहित ने कहा, ‘आने वाले मैचों को देखते हुए हमारे हमारे लिए यह एक शानदार परिणाम है। हम लंबे समय बाद खेल (टेस्ट मैच) रहे हैं। हम यहां एक सप्ताह पहले आए थे और हमने अच्छी तैयारी की। हमें वही परिणाम मिला, जो हम चाहते थे।’

ऋषभ पंत की यादगार वापसी से रोहित सर्वाधिक खुश

हालांकि भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा खुश पंत की इस प्रारूप में यादगार वापसी से दिखे। उन्होंने कहा, ‘वह सचमुच बहुत कठिन समय से गुजरा है। जिस तरह उसने मुश्किल समय का सामना किया और खुद को संभाला, वह देखना शानदार था। उसने आईपीएल में वापसी की। उसके बाद टी20 विश्व कप में बेहद सफल रहा, लेकिन उसे टेस्ट प्रारूप सबसे ज्यादा पसंद है।’

हार के बावजूद तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से बांग्लादेशी कप्तान नजमुल प्रभावित

उधर बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने कहा कि टीम की हार के बावजूद वह तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से प्रभावित हैं। दूसरी पारी में अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 82 रन बनाने वाले नजमुल ने कहा, ‘सकारात्मक बात यह है कि हसन, तस्किन और राणा ने शुरुआती दो-तीन घंटों में जिस तरह से गेंदबाजी की, वह वास्तव में प्रभावशाली थी। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की। वैसे पिछली कुछ श्रृंखला से हमारी गेंदबाजी काफी अच्छी रही है।’

दूसरी पारी में अपनी बल्लेबाजी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘एक बल्लेबाज के तौर पर मैं हमेशा योगदान देने की कोशिश करता हूं। मैं अपनी बल्लेबाजी का लुत्फ उठाता हूं और परिणाम के बारे में सोचे बिना जब तक संभव हो, तब तक बल्लेबाजी करने की कोशिश करता हूं।’

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments