डेविस कप : भारत पहले दिन नॉर्वे के खिलाफ 0-2 से पिछड़ा, दूसरे एकल में रामकुमार परास्त

लिलेहैमर (नॉर्वे), 17 सितम्बर। देश के शीर्षस्थ एकल खिलाड़ी रामकुमार रामनाथन की दूसरे एकल मैच में विक्टर डुरासोविच के हाथों पराजय के साथ ही भारत यहां डेविस कप टेनिस प्रतियोगिता के विश्व ग्रुप एक के पहले दौर के मुकाबले में नॉर्वे के खिलाफ 0-2 से पिछड़ गया है। मुख्य दौर में प्रवेश के लिए भारत को अब दूसरे व अंतिम दिन शनिवार को बचे तीनों मैच जीतने होंगे, जिनमें दोनों उलट एकल और एकमात्र युगल शामिल हैं।

यूएस ओपन उपजेता कैस्पर रूड ने प्रजनेश को शिकस्त दी

हैकॉन्स हाल के हार्ड इनडोर कोर्ट पर भारत के नंबर एक एकल खिलाड़ी रामकुमार अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे और स्वयं से कम रैंकिंग के खिलाड़ी डुरासोविच से शुक्रवार की रात एक घंटे 16 मिनट तक चले मैच में 1-6, 4-6 से हार गए। इसके पूर्व खेले गए पहले एकल मैच में प्रजनेश गुणेश्वरन को उनके शक्तिशाली प्रतिद्वंद्वी अमेरिकी ओपन के उपजेता कैस्पर रूड ने 62 मिनट में 6-1, 6-4 से ही शिकस्त दी थी।

स्वयं से कम रैंकिंग वाले खिलाड़ी डुरासोविच से हारे रामनाथन

भारत की उम्मीदें दूसरे एकल में रामकुमार पर टिकी थीं। लेकिन विश्व में 276वें नंबर के खिलाड़ी रामनाथन किसी भी समय अपने रंग में नहीं दिखे और 325वें रैंकिंग के खिलाड़ी डुरासोविच से आसानी से हार गए। डुरासोविच ने तीन बार रामनाथन की सर्विस तोड़ी और कुल 12 एस जमाए। इसके विपरीत रामनाथन केवल तीन एस ही जमा सके।

मुकाबले के दूसरे दिन युगल में युकी भांबरी और साकेत माइनेनी का सामना रूड और डुरासोविच से होगा। इसके अलावा उलट एकल में रामकुमार का सामना रूड से जबकि प्रजनेश का डुरासोविच से होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular