1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC अंडर-19 विश्व कप : भारत को सेमीफाइनल का टिकट, सुपर सिक्स के अंतिम मैच में पाकिस्तान पर बड़ी जीत
ICC अंडर-19 विश्व कप : भारत को सेमीफाइनल का टिकट, सुपर सिक्स के अंतिम मैच में पाकिस्तान पर बड़ी जीत

ICC अंडर-19 विश्व कप : भारत को सेमीफाइनल का टिकट, सुपर सिक्स के अंतिम मैच में पाकिस्तान पर बड़ी जीत

0
Social Share

बुलावायो, 1 फरवरी। वेदांत त्रिवेदी (68 रन, 98 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की अगुआई में बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों के बाद गेंदबाजों का मारक प्रदर्शन भारत के लिए मददगार साबित हुआ, जिसने रविवार को यहां सुपर सिक्स ग्रुप बी के अंतिम मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 58 रनों की बड़ी शिकस्त देने के साथ ICC अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

वेदांत का पचासा, कनिष्क व खिलान की त्वरित अर्धशतकीय भागीदारी

क्वींस स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारत ने वेदांत व विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी (30 रन, 22 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कनिष्क चौहान (35 रन, 29 गेंद, एक छक्का, चार चौके) व खिलान पटेल (21 रन, 15 गेंद, एक छक्का, दो चौके) के बीच आठवें के विकेट लिए सिर्फ 32 गेंदों पर 50 रनों की त्वरित साझेदारी की मदद से 49.5 ओवरों में 252 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

253 रनों के लक्ष्य के सामने 194 रनों पर जा सिमटी पाक टीम

जवाबी काररवाई में पाकिस्तान को भारत से बेहतर नेट रन रेट हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 33.3 ओवरों में लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन टीम ने बल्लेबाजी के दौरान कभी ऐसा करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। पाकिस्तान ने 33.3 ओवरों में चार विकेट पर 167 रन बनाए थे और फिर पूरी टीम 46.2 ओवरों में 194 रनों पर आउट हो गई।

खिलान व कप्तान म्हात्रे ने आपस में 6 विकेट बांटे

गेंदबाजी विभाग में कनिष्क ने 10 ओवरों में सिर्फ 30 रन देकर एक विकेट चटकाते हुए पाकिस्तान टीम की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। उन्होंने इस दौरान 40 डॉट गेंदें डालीं। वहीं पिच से स्पिनरों को मदद मिलने के बीच वामहस्त स्पिनर खिलान पटेल (3-35) और कप्तान व ऑफ स्पिनर आयुष म्हात्रे (3-21) ने आपस में छह विकेट बांटते हुए बीच के ओवरों में रन गति पर पूरी तरह नियंत्रण कर रखा था।

स्कोर कार्ड

दरअसल, एशिया कप में खिताबी जीत के नायक रहे पाकिस्तान के समीर मिन्हास (नौ रन) को चौथे ओवर में हेनिल पटेल (1-30) ने 23 के योग पर अपनी ऑफ-कटर से पैवेलियन का रास्ता दिखाया, जिसके बाद पाक बल्लेबाजों ने बेहद रक्षात्मक रवैया अपना लिया।

पाकिस्तान के अंतिम 8 विकेट 43 रनों की वृद्धि पर गिरे

ओपनर हम्जा जहूर (42 रन, 49 गेंद, आठ चौके) व उस्मान खान (66 रन, 92 गेंद, सात चौके) ने 65 रन जोड़कर स्थिति संभाली तो कनिष्क ने हम्जा को लौटा दिया। इसके बाद उस्मान व कप्तान फरहान यूसुफ (33 रन, 39 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) ने तीसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी से 30वें ओवर में स्कोर 151 तक पहुंचाया। फिलहाल यहीं आर.एस अम्बरीष (1-26) ने फरहान की विदाई की तो भारतीय स्पिनर्स अचानक हावी हो गए और 43 रनों की वृद्धि पर अंतिम आठ बल्लेबाज लौट गए।

वैभव सहित भारत के शीर्ष 3 बल्लेबाज एक ही स्कोर 47 पर लौटे

भारतीय पारी की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई, लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मो. सय्याम (2-69) के खिलाफ जीवनदान मिलने के बावजूद वह लगातार दूसरी गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। कप्तान म्हात्रे (0) का युवा वनडे में खराब दौर जारी रहा और वह पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए। वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज एरोन जॉर्ज (16 रन, 25 गेंद, एक चौका) को लंबे कद के तेज गेंदबाज अब्दुल सुभान (3-33) ने चलता किया। गौर करने वाली बात यह रही कि चार गेंदों के भीतर ये तीनों बल्लेबाज एक ही स्कोर यानी 47 पर आउट हुए।

वेदांत व विहान के बीच 62 रनों की ठोस भागीदारी

फिलहाल विहान मल्होत्रा (21 रन, 43 गेंद, एक चौका) ने वेदांत के साथ चौथे विकेट के लिए धीमी, लेकिन ठोस 62 रनों की साझेदारी से भारतीय पारी को संभाला। फिर अभिज्ञान कुंडू (16 रन, 27 गेंद, एक चौका) व आर.एस. अम्बरीष (29 रन, 38 गेंद, दो चौके) संग उपयोगी भागीदारियों के बाद वेदांत 41वें ओवर में 182 के योग पर लौटे। अंत में खिलान और कनिष्क ने स्लाग ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को 250 रनों के पार पहुंचाया।

कप्तान म्हात्रे बोले – ‘हम अब फाइनल जीतना चाहते हैं’

कप्तान म्हात्रे ने मैच के बाद कहा, ‘शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बीच के ओवरों में गेंद स्पिन होने लगी। केसी (कनिष्क का उपनाम) ने शानदार बल्लेबाजी की। वेदांत (त्रिवेदी) ने नेट में अच्छी बल्लेबाजी की थी, इसलिए मुझे उन पर भरोसा था। खिलाड़ियों ने शानदार योगदान दिया। पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने पहले 25 ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की, उसके बाद हमारे स्पिनरों ने बेहतरीन गेंदबाजी की। हम एक बार में एक मैच पर ध्यान दे रहे है। हम अब फाइनल जीतना चाहते हैं।’

भारत की 4 फरवरी को सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से मुलाकात

उल्लेखनीय यह रहा कि इस मैच में भी भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। अब भारत के सामने दूसरे सेमीफाइनल में सुपर सिक्स ग्रुप ए के उपजेता अफगानिस्तान की चुनौती होगी। यह मैच हरारे में चार फरवरी को खेला जाएगा। वहीं सुपर सिक्स ग्रुप ए में पहले स्थान पर रहे ऑस्ट्रेलिया और सुपर सिक्स ग्रुप बी उपजेता इंग्लैंड दूसरे सेमीफाइनल में तीन फरवरी को बुलावायो में आमने-सामने होंगे। खिताबी मुकाबला छह फरवरी को हरारे में खेला जाएगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code